स्पोर्ट्स

पाकिस्तान को हराकर इंडिया लौटी भारतीय क्रिकेट टीम, अब अहमदाबाद में होगा अगला मुकाबला

Published

on

भारतीय क्रिकेट टीम सोमवार को कोलंबो एयरपोर्ट से स्वदेश लौटने के लिए रवाना हुई। टीम ने कोलंबो में पाकिस्तान को हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम अब अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां उसे अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में नीदरलैंड का सामना करना है। भारत और नीदरलैंड के बीच यह मैच बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। ग्रुप ए में भारत लगातार तीन जीत दर्ज कर पहले ही अगले दौर में पहुंच चुका है।

भारत लौटी क्रिकेट टीम

भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं। पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में निर्धारित होने के कारण भारतीय टीम को कोलंबो जाना पड़ा था। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 175 रन बनाए। ईशान किशन ने 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्कों की मदद से 77 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की अहम साझेदारी की।

भारत के सामने नहीं टिक पाई पाकिस्तान की टीम

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। हार्दिक पंड्या (16 रन देकर 2 विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन देकर 2 विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन देकर 2 विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन देकर 2 विकेट) ने घातक गेंदबाजी की।

T20 में पाक के खिलाफ भारत की आठवीं जीत

ईशान किशन को उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस जीत के साथ भारत ने 2023 विश्व कप फाइनल में हार के बाद आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार 16वीं जीत दर्ज की और ऑस्ट्रेलिया के 15 लगातार जीत के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन बनाए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी नाबाद 23 रन तक पहुंचे। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ नौ मुकाबलों में यह भारत की आठवीं जीत रही, जबकि उसे सिर्फ एक बार हार का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version