स्पोर्ट्स

IND vs PAK: एक फैसले से PCB को होते-होते बचा 1500 करोड़ से ज्यादा का घाटा! नहीं तो ICC करवाता मोटी भरपाई

Published

on

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला देखने को मिलेगा। पहले पाकिस्तान सरकार की ओर से इस मैच को लेकर खेलने से इनकार की खबरें सामने आई थीं, लेकिन ICC की अहम बैठक के बाद पूरा समीकरण बदल गया। भारत के खिलाफ खेलने की मंजूरी देकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने न सिर्फ अपने भारी नुकसान को टाल लिया, बल्कि ICC को भी करोड़ों के घाटे से बचा लिया।

करोड़ों के नुकसान से बाल-बाल बचा PCB

ICC के साथ हुई बैठक के बाद यह आधिकारिक तौर पर साफ हो गया कि पाकिस्तान टीम अब भारत के खिलाफ मैच खेलेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले से ICC को करीब 174 मिलियन डॉलर (लगभग 1,575 करोड़ रुपये) के नुकसान से बचाव हो गया। अगर 15 फरवरी को होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला रद्द होता, तो ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, टिकट बिक्री और स्पॉन्सरशिप से ICC को भारी झटका लगता। इससे पहले यह भी खबर सामने आई थी कि अगर पाकिस्तान ने इस मैच का बहिष्कार किया, तो ICC होने वाले नुकसान की भरपाई PCB से वसूलेगी। ऐसे में मैच न होने की स्थिति में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को करीब 1,575 करोड़ रुपये ICC को चुकाने पड़ते। पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे PCB के लिए इतनी बड़ी रकम देना लगभग नामुमकिन माना जा रहा था।

ICC, PCB और BCB के बीच हुई अहम बैठक

यह फैसला लाहौर में हुई ICC की बैठक के बाद लिया गया, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी शामिल थे। ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा ने PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से बातचीत की। बैठक के बाद नतीजा यह निकला कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हो गया। साथ ही, बांग्लादेश को आने वाले वर्षों में एक ICC टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका देने पर भी सहमति बनी।

कब और कहां होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा। मैच का आयोजन कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होगा। भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। महामुकाबले को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में अपना पहला मैच जीत चुकी हैं, ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच एक रोमांचक और कड़ी टक्कर देखने की पूरी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version