एंटरटेनमेंट
क्या जेनिफर विंगेट करने वाली हैं करण वाही से शादी? एक पोस्ट से सामने आई सच्चाई
टीवी इंडस्ट्री की टॉप और सबसे पसंदीदा एक्ट्रेसेस में शुमार जेनिफर विंगेट अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ खूबसूरती और पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। कई सुपरहिट टीवी शोज और वेब सीरीज में नजर आ चुकी जेनिफर एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में आ गई हैं। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जेनिफर विंगेट 12 साल बाद दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं। ऐसे में फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वो लकी मैन कौन है? रिपोर्ट्स की मानें तो जेनिफर का नाम उनके खास दोस्त और जाने-माने टीवी एक्टर करण वाही के साथ जोड़ा जा रहा है।
12 साल बाद फिर दुल्हन बनेंगी जेनिफर विंगेट
काफी समय से सोशल मीडिया पर जेनिफर और करण के अफेयर को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते या शादी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। न ही जेनिफर और न ही करण के परिवार की ओर से इस खबर की पुष्टि की गई है। गौरतलब है कि जेनिफर और करण ने साल 2007 के पॉपुलर टीवी शो ‘दिल मिल गए’ में एक साथ काम किया था। इस शो में जेनिफर ने डॉक्टर रिद्धिमा गुप्ता जबकि करण वाही ने डॉ. सिद्धांत मोदी का किरदार निभाया था। इसके करीब 14 साल बाद दोनों एक बार फिर साल 2024 में सोनी लिव की वेब सीरीज ‘रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी’ में साथ नजर आए। शो में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया और सीरीज़ को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
वाही संग उड़ी शादी की अफवाह
बता दें कि जेनिफर विंगेट की पहली शादी एक्टर करण सिंह ग्रोवर से हुई थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और दोनों का तलाक हो गया। जेनिफर से अलग होने के बाद करण सिंह ग्रोवर ने बिपाशा बसु से शादी कर ली, और अब उनकी एक बेटी भी है। फिलहाल जेनिफर और करण वाही की शादी को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं, लेकिन सच्चाई क्या है, इसका अंदाजा आप करण वाही के लेटेस्ट पोस्ट से लगा सकते हैं।
करण वाही ने तोड़ी चुप्पी
करण ने इन रूमर्स के तेजी से फैलने के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर कर चुप्पी तोड़ी है। एक्टर ने सीधे-सीधे तो कुछ नहीं कहा, लेकिन इशारों-इशारों में सच्चाई बता दी है। करण वाही ने स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, ‘फ्री की PR के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया।’ अब उनके इस पोस्ट से साफ हो गया है कि करण और जेनिफर की शादी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।