एंटरटेनमेंट
‘मणिकर्णिका रिटर्न्स’ विवाद: कंगना रनौत को कोर्ट से बड़ी राहत, SC से याचिका वापस लेने की मंजूरी
अभिनेत्री और मंडी सांसद कंगना रनौत को ‘दिद्दा’ मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने उन्हें अपनी दायर की गई याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी है। यह मामला 2021 में मुंबई में दर्ज एक एफआईआर से जुड़ा है।
लेखक Ashish Kaul ने लगाया था किताब के उपयोग का आरोप
लेखक आशीष कौल ने कंगना रनौत पर आरोप लगाया था कि उन्होंने उनकी किताब के कुछ हिस्सों का इस्तेमाल अपनी फिल्म के लिए बिना अनुमति किया। यह एफआईआर मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। आशीष कौल पहले मजिस्ट्रेट कोर्ट पहुंचे थे, जहां से पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश मिले। इसके बाद पुलिस ने कंगना के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल की थी।
‘मणिकर्णिका रिटर्न्स’ से शुरू हुआ विवाद
विवाद तब शुरू हुआ जब कंगना रनौत ने अपनी फिल्म ‘मणिकर्णिका रिटर्न्स: द लीजेंड ऑफ दिद्दा’ की घोषणा की। इस घोषणा के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में आशीष कौल की किताब का जिक्र किया और कथित तौर पर उसका कुछ हिस्सा साझा किया। लेखक का आरोप था कि यह सब उनकी अनुमति के बिना किया गया।
कंगना की सफाई: “फिल्म इतिहास से प्रेरित”
कंगना रनौत ने अपनी सफाई में कहा था कि उन्हें नहीं, बल्कि उनकी बहन रंगोली को यह किताब ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसका शीर्षक था—‘कश्मीरी रानी जिसने गजनी को दो बार हराया’। उन्होंने दावा किया कि उस ईमेल को किसी ने खोला तक नहीं। 2021 में फिल्म की घोषणा के समय रानी दिद्दा के बारे में जो भी जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध थी, उसी के आधार पर फिल्म की परिकल्पना की गई। कंगना का कहना है कि फिल्म की प्रेरणा इतिहास से ली गई है, न कि किसी विशेष लेखक की किताब से, इसलिए आरोप निराधार हैं।