एंटरटेनमेंट
करण कुंद्रा कब बनाएंगे तेजस्वी प्रकाश को अपनी दुल्हनिया? खास दोस्त प्रिंस नरूला ने किया खुलासा
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की शादी की खबरें चर्चा में थीं। अब लगता है कि इस रिश्ते को नया मुकाम देने की तैयारी सच में शुरू हो गई है। हाल ही में उनके करीबी दोस्त प्रिंस नरूला ने एक इंटरव्यू में शादी को लेकर बड़ा इशारा दिया है। एक इंटरव्यू में प्रिंस ने बताया कि करण और तेजस्वी एक प्रोजेक्ट कमिटमेंट पूरा करने के बाद शादी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “वो एक शो खत्म होने के बाद शादी करेंगे, एक कमिटमेंट है उसके बाद।”
कब होगी करण-तेजस्वी की शादी?
इस दौरान प्रिंस की पत्नी युविका चौधरी भी मौजूद थीं। युविका ने मजाकिया अंदाज में पूछा, “कहीं शो पर ही तो शादी नहीं कर रहे?” इस पर प्रिंस ने हंसते हुए कहा, “पता नहीं, शायद हो सकता है।” हालांकि करण और तेजस्वी की ओर से अभी तक शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फैंस इस खबर से बेहद उत्साहित हैं। कई लोगों का मानना है कि दोनों ‘पति, पत्नी और पंगा’ के सेट पर ही शादी कर सकते हैं।
पांच साल से कर रहे हैं डेट
करण और तेजस्वी पिछले पांच सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों की मुलाकात ‘बिग बॉस 15’ के दौरान हुई थी, जहां से उनकी लव स्टोरी की शुरुआत हुई और तब से यह जोड़ी साथ है।
अपने रिश्ते पर क्या बोले करण?
हाल ही में करण ने एक इंटरव्यू में अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “मैं एक रियलिटी शो में था जब मेरी मुलाकात तेजस्वी से हुई। रियलिटी शो की सबसे अच्छी बात यह है कि आपका असली स्वभाव बहुत जल्दी सामने आ जाता है। 7-8 दिनों में सारे फिल्टर हट जाते हैं। बाहरी दुनिया का कोई दखल नहीं होता—न मैनेजर, न परिवार, न दोस्त। आप अकेले होते हैं और जो महसूस करते हैं, वही सच होता है। कोई आपके फैसले को जज नहीं करता, इसलिए वह एहसास सबसे ज्यादा पवित्र होता है।”