एंटरटेनमेंट
KKK 15: खत्म हुआ फैंस का इंतजार, ‘खतरों के खिलाड़ी’ का खतरनाक प्रोमो हुआ रिलीज
इंडियन टेलीविजन का लोकप्रिय स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ एक बार फिर दर्शकों के बीच वापसी के लिए तैयार है। जोखिम, रोमांच और हिम्मत की परीक्षा लेने वाला यह शो सालों से टीवी दर्शकों का पसंदीदा रहा है। शो के होस्ट रोहित शेट्टी की दमदार मौजूदगी ने भी इसे अलग पहचान दी है। इस बार हालांकि शो की वापसी का अंदाज कुछ अलग है, क्योंकि जारी किया गया प्रोमो पूरी तरह AI-जेनरेटेड बताया जा रहा है।
2 साल बाद फिर लौटा ‘खतरों के खिलाड़ी’
शो के मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि यह ‘खतरों के खिलाड़ी’ का 15वां सीजन होगा, जो लगभग दो साल के लंबे अंतराल के बाद लौट रहा है। इस गैप ने जहां दर्शकों को इंतजार में रखा, वहीं अब नई घोषणा के बाद उत्साह भी चरम पर है। हालांकि AI प्रोमो को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे इनोवेटिव बता रहे हैं, तो कुछ इसे लेकर नाराजगी जता रहे हैं। मेकर्स ने साफ किया है कि यह प्रोमो सिर्फ शो की थीम का संकेत है।
प्रोमो बढ़ा देगा दिल की धड़कनें
शुक्रवार को रिलीज हुआ सीजन 15 का प्रोमो काफी रोमांचक नजर आता है। इसमें सीमाओं को तोड़ने और डर पर जीत पाने का संदेश दिया गया है। प्रोमो का सबसे चौंकाने वाला दृश्य वह है, जिसमें एक लड़की को तेज रफ्तार ट्रक के सामने बांधा हुआ दिखाया गया है और वह ट्रक पहाड़ से नीचे गिरता नजर आता है। इस सीन ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
कौन-कौन होंगे कंटेस्टेंट्स?
गौरतलब है कि खतरों के खिलाड़ी 14 के खत्म होने के बाद पिछले दो सालों तक शो का कोई नया सीजन नहीं आया था। बीते साल भी इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी, जिसके चलते फैंस को लगने लगा था कि शायद शो अब बंद हो गया है। लेकिन अब सीजन 15 की पुष्टि ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। फिलहाल मेकर्स ने इस नए सीजन के कंटेस्टेंट्स के नामों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में कई नामों की चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि इस सीजन में बिग बॉस 19 के विजेता गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, अभिषेक बजाज और बसीर अली नजर आ सकते हैं। इसके अलावा अशनूर कौर, चुम दरांग और एल्विश यादव के नाम भी संभावित प्रतिभागियों की लिस्ट में बताए जा रहे हैं।
कब होगा ऑन-एयर?
यह स्टंट-आधारित रियलिटी शो एक बार फिर कलर्स टीवी पर टेलीकास्ट होगा, हालांकि इसकी ऑन-एयर डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मगर इतना तय है कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ दर्शकों के लिए रोमांच और एड्रेनालिन से भरपूर सफर लेकर आने वाला है।