एंटरटेनमेंट
पुलिस हिरासत में KRK, रिहायशी इमारत पर गोली चलाना पड़ा महंगा
‘देशद्रोही’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता और फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान एक फायरिंग मामले को लेकर मुंबई पुलिस की हिरासत में हैं। मामला मुंबई के ओशिवारा इलाके में एक रिहायशी इमारत पर गोली चलने से जुड़ा है। दरअसल, 18 जनवरी 2026 को ओशिवारा स्थित एक रिहायशी बिल्डिंग पर चार राउंड गोलियां चलाई गई थीं। शुरुआती तौर पर पुलिस को फायरिंग करने वाले शख्स का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर फोरेंसिक सबूतों के आधार पर पुलिस को शक हुआ कि गोलियां KRK के बंगले की दिशा से चलाई गई हैं।
कमाल आर खान को पुलिस ने लिया हिरासत में
इसके बाद शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को मुंबई पुलिस ने कमाल आर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान KRK ने पुलिस को बताया कि वह अपनी लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान बंदूक की फंक्शनैलिटी चेक करने के लिए उनसे गोलियां चल गईं। उन्होंने दावा किया कि उनका किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। KRK के मुताबिक, उन्होंने अपने घर के सामने मौजूद एक बड़े मैंग्रोव जंगल की दिशा में गोली चलाई थी। उन्हें लगा था कि गोली जंगल में ही खो जाएगी, लेकिन हवा की दिशा बदलने की वजह से गोली आगे जाकर ओशिवारा की रिहायशी बिल्डिंग में जा लगी।
पूछताछ में क्या बोले केआरके?
जिस इमारत में गोलियां लगीं, वहां एक लेखक-निर्देशक और एक मॉडल का फ्लैट भी बताया जा रहा है। पुलिस को मौके से दो गोलियां बरामद हुई थीं। बाद में फोरेंसिक जांच के जरिए यह पुष्टि हुई कि फायरिंग KRK के बंगले से हुई हो सकती है। फिलहाल मुंबई पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल में किसी तरह के नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।