एंटरटेनमेंट

KRK ने की राजपाल यादव की लाखों की मदद, बॉलीवुड से भी की खास अपील

Published

on

चेक बाउंस मामले में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इस समय तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। जेल जाने से पहले उन्होंने आर्थिक तंगी का जिक्र किया था, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। सोनू सूद और गुरमीत चौधरी जैसे कलाकारों ने समर्थन जताया, वहीं हाल ही में अभिनेता और स्वयंभू फिल्म समीक्षक केआरके (कमाल आर खान) ने भी आर्थिक सहायता की पेशकश की है। उन्होंने बॉलीवुड से अपील की है कि सभी मिलकर राजपाल की मदद करें।

केआरके ने दिए 10 लाख

मंगलवार को केआरके ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि वह राजपाल यादव को 10 लाख रुपये देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इंडस्ट्री से अपील करते हुए कहा कि अगर सभी लोग मिलकर 5 करोड़ रुपये इकट्ठा कर दें और रकम चुका दी जाए, तो राजपाल तुरंत जेल से बाहर आ सकते हैं।

ये लोग भी राजपाल यादव की मदद के लिए आए आगे

इसी बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयज (FWICE) ने भी उनके समर्थन में बयान जारी किया है। बुधवार को जारी पत्र में संगठन ने स्पष्ट किया कि यह चैरिटी की अपील नहीं, बल्कि एक साथी सदस्य के प्रति एकजुटता दिखाने की बात है। मंगलवार को सोनू सूद ने राजपाल यादव को एक फिल्म का प्रस्ताव भी दिया। इसके अलावा राजनेता तेज प्रताप यादव और कुछ फिल्म निर्माताओं ने आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया है। कई लोग इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं।

राजपाल यादव को चाहिए करोड़ों रुपये

दरअसल, राजपाल यादव ने मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि रकम चुकाने के लिए उन्होंने जो चेक दिए, वे सभी बाउंस हो गए। यह राशि फिल्म निर्माण के उद्देश्य से ली गई थी, लेकिन भुगतान न होने पर कंपनी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। निचली अदालत ने चेक बाउंस के मामले में राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई। हालांकि हाई कोर्ट ने पहले उनकी सजा पर अस्थायी रोक लगाई थी, इस शर्त के साथ कि वे कंपनी को बकाया रकम चुका देंगे। अदालत में कई बार आश्वासन देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। कोर्ट ने उनके रवैये को गंभीर बताते हुए कहा कि उन्होंने न्यायालय के विश्वास को ठेस पहुंचाई है। अंततः बीते गुरुवार को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version