बिजनेस

युद्ध की आग किचन तक! LPG सिलेंडर महंगा, कई जगह चूल्हे पड़े ठंडे

Published

on

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का असर अब वैश्विक तेल बाजार पर साफ दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव के कारण रसोई गैस (LPG) के दाम भी प्रभावित हुए हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि युद्ध की आंच अब सीधे किचन तक महसूस की जा रही है। सप्लाई में आई बाधाओं का असर स्ट्रीट फूड स्टॉल से लेकर बड़े-बड़े रेस्टोरेंट तक पर पड़ा है, जहां गैस की कमी और बढ़ती कीमतों ने कारोबार को प्रभावित किया है।

भारत में LPG सिलेंडर 60 रुपये महंगा

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते 7 मार्च को भारत में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत अब 913 रुपये हो गई है, जो पिछले महीने 853 रुपये थी। यानी मार्च 2026 में ही सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसे हाल के समय की सबसे तेज बढ़ोतरी माना जा रहा है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट से बढ़ा दबाव

दुनिया की करीब 20% तेल आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरती है। हालिया तनाव के कारण इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता बढ़ गई। यही वजह है कि वैश्विक बाजार में बढ़ी कीमतों का असर LPG की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है।

देश के प्रमुख शहरों में LPG के ताजा दाम

14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के ताजा रेट इस प्रकार हैं:

नई दिल्ली – 913 रुपये

कोलकाता – 939 रुपये

मुंबई – 912.50 रुपये

चेन्नई – 928.50 रुपये

बेंगलुरु – 915.50 रुपये

भुवनेश्वर – 939 रुपये

चंडीगढ़ – 862.50 रुपये

गुरुग्राम – 921.50 रुपये

हैदराबाद – 965 रुपये

सरकार का दावा: गैस की कोई कमी नहीं

हालांकि बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार का कहना है कि देश में घरेलू LPG की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक 14 मार्च को देशभर में करीब 77 लाख LPG बुकिंग दर्ज की गईं और किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर पर गैस खत्म होने की आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है। सरकार के अनुसार कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई को भी प्राथमिकता के आधार पर राज्यों तक पहुंचाया जा रहा है।

जरूरी सेक्टरों को प्राथमिकता से मिल रही सप्लाई

दिल्ली के खाद्य आपूर्ति मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा के मुताबिक ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ समन्वय कर कमर्शियल LPG की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। करीब 1,800 सिलेंडर प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिनका इस्तेमाल अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, रेस्टोरेंट और डेयरी जैसे जरूरी क्षेत्रों में किया जा रहा है। यह व्यवस्था औसत दैनिक खपत के लगभग 20% तक सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

जमाखोरी रोकने के लिए नियंत्रित वितरण

सरकार ने जमाखोरी रोकने और गैस की सप्लाई को संतुलित बनाए रखने के लिए 19 किलोग्राम कमर्शियल LPG सिलेंडर के नियंत्रित वितरण का फैसला किया है। बुकिंग “पहले आओ–पहले पाओ” (FIFO) के आधार पर की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

ईरान से बातचीत के बाद स्थिति सुधरने की उम्मीद

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के साथ हुई बातचीत को अहम बताया है। इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही फिर से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार के अनुसार दो भारतीय जहाज शिवालिक और नंदा देवी सुरक्षित रूप से होर्मुज पार कर चुके हैं। इन जहाजों में करीब 92,700 मीट्रिक टन LPG है और इनके 16 और 17 मार्च को मुंद्रा और कांडला बंदरगाह पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version