देश
महाराष्ट्र की राजनीति के ‘सूरज’ का अस्त: राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए अजित दादा, बारामती की सड़कों पर उमड़ा आंसुओं का सैलाब
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और दिग्गज नेता अजित पवार का आज उनके पैतृक गढ़ बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे पार्थ पवार ने मुखाग्नि दी। गौरतलब है कि बुधवार सुबह महाराष्ट्र के बारामती में हुए प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित कुल पाँच लोगों की मौत हो गई जिसमे प्लेन के पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे देश को हिला कर रख दिया।
कैसे हुआ हादसा?
अजित पवार का विमान बारामती एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंड करने की कोशिश करते समय क्रैश हो गया। दिल्ली की कंपनी वीएसआर वेंचर्स का यह लीयरजेट 45 विमान सुबह करीब 8:45 बजे क्रैश हो गया, जिसमें अजित पवार, उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर और अटेंडेंट और कॉकपिट क्रू के दो लोग, पायलट-इन-कमांड सुमित कपूर और फर्स्ट ऑफिसर शाम्भवी पाठक की मौत हो गई। अजित पवार सुबह करीब 8 बजे मुंबई से निकले और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले अपने गृहनगर बारामती में चार चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले थे।
अंतिम यात्रा: बारामती में उमड़ा जनसैलाब
अजित पवार की अंतिम यात्रा काटेवाड़ी आवास से शुरू हुई। हजारों समर्थक उनके साथ यात्रा में शामिल हुए और नारे लगाते रहे, “अजीत दादा अमर रहें।” यह यात्रा करीब 6 किलोमीटर चली और विद्या प्रतिष्ठान मैदान तक पहुँची। श्मशान घाट पर लोगों का हुजूम जमा था, जो केवल एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे।
राजकीय शोक और सम्मान
बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में अजित पवार का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और MNS प्रमुख राज ठाकरे प्रमुख मौजूद रहे। परिवार की ओर से NCP प्रमुख शरद पवार, सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल अत्यंत भावुक नजर आए। महाराष्ट्र सरकार ने दिग्गज नेता के सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया है। अंतिम संस्कार से पहले उन्हें ‘गन सैल्यूट’ (सलामी) दी गई। उनके अंतिम दर्शन के लिए हिंदू, मुस्लिम और अन्य सभी समुदायों के लोग भारी संख्या में पहुंचे, जो अजित पवार की छवि को दर्शाता है।
हादसे की जांच शुरू
इस तरह अजित पवार की आकस्मिक मौत ने प्लेन जैसे हवाई यातायात माध्यम के सफर पर सवाल खड़े कर दिए है हालांकि इस मामले की जांच नागरिक उड्डयन मंत्रालय की AAIB टीम कर रही है, और पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार का जाना एक ऐसा खालीपन पैदा कर गया है, जिसे भरना मुश्किल होगा। प्रशासन अब ब्लैक बॉक्स और जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।