एंटरटेनमेंट

Mary Kom एक्टर का निधन, सुनील थापा ने काठमांडू के अस्पताल में तोड़ा दम

Published

on

नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा का निधन हो गया है। 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें काठमांडू के थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने जानकारी दी कि सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। सुबह 7:44 बजे किए गए ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें लाए जाते समय कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी और शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई गई।

कार्डियक अरेस्ट से हुई एक्टर की मौत

सुनील थापा नेपाली सिनेमा के उन चुनिंदा कलाकारों में से थे, जिन्होंने कई दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया। उन्होंने 300 से ज्यादा नेपाली फिल्मों में काम किया और फिल्म ‘चीनो’ में निभाए गए अपने यादगार किरदार ‘राते कैला’ से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। इस भूमिका ने उन्हें नेपाली फिल्म इंडस्ट्री के सबसे चर्चित विलेन के रूप में स्थापित कर दिया।

फिल्मों और वेब सीरीज में आए थे नजर

नेपाली सिनेमा के साथ-साथ सुनील थापा ने बॉलीवुड और वेब सीरीज में भी अपनी खास पहचान बनाई। हिंदी सिनेमा में उन्हें खास तौर पर ‘मैरी कॉम’ और वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के लिए जाना जाता है। ‘मैरी कॉम’ में उनके अभिनय को सराहना मिली और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर नॉमिनेशन भी मिला था। इसके अलावा उन्होंने ‘एक दूजे के लिए’ और ‘आज की आवाज’ जैसी फिल्मों में भी काम किया। वे कई भोजपुरी फिल्मों का भी हिस्सा रहे।

निधन से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को पहुंचा गहरा नुकसान

फिल्मी दुनिया में कदम रखने से पहले सुनील थापा ने 1970 के दशक के मध्य में मुंबई में एक मॉडल के रूप में अपना करियर शुरू किया था। वह खेलों में भी काफी सक्रिय थे और मुंबई के क्लबों के लिए पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी के तौर पर खेल चुके थे। अपने शुरुआती दिनों में उन्होंने फोटो जर्नलिस्ट के रूप में भी काम किया और साल 1974 में भूटान के राज्याभिषेक को कवर किया था। सुनील थापा एवरेस्ट फिल्म अकादमी के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनकी आखिरी फिल्म ‘एकलो’ थी। उनके परिवार के कई सदस्य मुंबई में रहते हैं, जबकि वह खुद काठमांडू में एक अपार्टमेंट में रह रहे थे। उनके निधन से नेपाली ही नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को भी गहरा नुकसान पहुंचा है। सुनील थापा को उनके दमदार अभिनय, अनुशासन और बहुआयामी करियर के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version