एंटरटेनमेंट
Mirzapur The Movie कब होगी रिलीज? सिनेमाघरों में गूंजेगा कालीन भइया और गुड्डू पंडित का भौकाल
प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब कालीन भइया और गुड्डू पंडित का भौकाल सिनेमाघरों में गूंजेगा।
‘मिर्जापुर’ की रिलीज डेट का ऐलान
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी द्वारा एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस की गई इस फिल्म की रिलीज डेट मेकर्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए साझा की है। शेयर किए गए पोस्टर में रेतीले मैदान में दौड़ती कई गाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जबकि एक विशाल कुर्सी को कार से बांधकर ले जाया जा रहा है। पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया है—“अब देखिए भौकाल बड़े पर्दे पर। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”
2018 में शुरू हुई थी ‘मिर्जापुर’ की कहानी
साल 2018 में वेब सीरीज के रूप में शुरू हुई ‘मिर्जापुर’ ने अपने पहले ही सीजन से दर्शकों के दिलों पर राज करना शुरू कर दिया था। इसके दमदार किरदार, तीखे डायलॉग्स और जबरदस्त कहानी ने इसे देश की सबसे लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर सीरीज में शामिल कर दिया। कालीन भइया (पंकज त्रिपाठी), गुड्डू पंडित (अली फज़ल) और मुन्ना भइया (दिव्येंदु शर्मा) जैसे किरदार घर-घर में मशहूर हो गए।
अब नए अंदाज में दिखेगी कहानी
सीरीज की सफलता के बाद साल 2020 में दूसरा सीजन आया, जिसे भी दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं 2024 में रिलीज हुआ तीसरा सीजन उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया और इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। अब मेकर्स फिल्म के ज़रिए मिर्जापुर की कहानी को एक नए अंदाज़ में पेश करने जा रहे हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें फिर से बढ़ गई हैं।
चर्चित किरदारों की होगी वापसी
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म में फ्रेंचाइज़ी के चर्चित किरदारों की वापसी हो रही है, जिनमें कालीन भइया और गुड्डू पंडित के साथ-साथ मुन्ना भइया की बहुप्रतीक्षित एंट्री भी शामिल है। इसके अलावा फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, प्रमोद पाठक और अनंगशा बिस्वास जैसे कई दमदार कलाकार नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बड़े पर्दे पर वही जादू चला पाती है या नहीं, जो वेब सीरीज ने दर्शकों पर चलाया था।