एंटरटेनमेंट

‘मेरी कमर पर हाथ रखा…’, मौनी रॉय ने हरियाणा में हुई बदतमीजी पर तोड़ी चुप्पी; सदमे में है टीवी की ‘नागिन’

Published

on

बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय ने हरियाणा के करनाल में हाल ही में हुए एक इवेंट के दौरान अपने साथ हुई कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ को लेकर खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने इस घटना की जानकारी अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए दी, जिसमें उन्होंने दर्शकों के एक वर्ग के व्यवहार को बेहद शर्मनाक बताया। मौनी के मुताबिक, जब वह मंच की ओर बढ़ रही थीं, उसी दौरान दर्शकों में मौजूद कुछ पुरुषों ने तस्वीरें लेने के बहाने उनकी कमर को छुआ।

मौनी रॉय के साथ हुई बदतमीजी

उन्होंने लिखा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद असहज और अपमानजनक था। एक्ट्रेस ने बताया कि जब उन्होंने ऐसे लोगों को हाथ हटाने के लिए कहा, तो उन्हें यह बिल्कुल पसंद नहीं आया। मौनी ने आगे बताया कि मंच पर पहुंचने के बाद हालात और बिगड़ गए। उनके अनुसार, सामने खड़े दो पुरुषों ने अश्लील टिप्पणियां कीं, आपत्तिजनक इशारे किए और गालियां भी दीं। एक्ट्रेस ने लिखा कि उन्होंने पहले विनम्रता से उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद उन लोगों ने गुलाब फेंकना शुरू कर दिया। हालात से आहत होकर मौनी कुछ देर के लिए मंच से बाहर चली गई थीं, हालांकि बाद में लौटकर उन्होंने अपनी प्रस्तुति पूरी की। इसके बावजूद, न तो दर्शकों का ऐसा व्यवहार रुका और न ही आयोजकों या वहां मौजूद किसी जिम्मेदार व्यक्ति ने हस्तक्षेप किया।

एक्ट्रेस ने पोस्ट शेयर कर तोड़ी चुप्पी

इस घटना को लेकर मौनी रॉय ने इंडस्ट्री में कदम रखने वाली नई लड़कियों की सुरक्षा पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर उनके जैसी कलाकार के साथ ऐसा हो सकता है, तो नई और संघर्षरत अभिनेत्रियों को किन हालातों से गुजरना पड़ता होगा, इसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। एक्ट्रेस ने इस पूरे अनुभव को अपमानजनक और मानसिक रूप से झकझोर देने वाला बताया। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मौनी ने लिखा कि कलाकार सिर्फ ईमानदारी से अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी की अपनी परिवार की महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार किया जाए, तो क्या वे उसे स्वीकार करेंगे।

मौनी का छलका दर्द

एक अन्य स्टोरी में मौनी ने यह भी बताया कि स्टेज ऊंचा होने के बावजूद कुछ लोग नीचे से गलत एंगल में वीडियो बना रहे थे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया, तो जवाब में गालियां दी गईं। उन्होंने लिखा कि उन्हें अपने देश और संस्कृति से प्यार है, लेकिन इस तरह का व्यवहार बेहद शर्मनाक है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग मौनी रॉय के समर्थन में सामने आए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version