एंटरटेनमेंट

मृणाल ठाकुर और धनुष की शादी की फोटो हुई वायरल, देख चौंके फैंस; क्या है सच?

Published

on

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अभिनेत्री मृणाल ठाकुर और साउथ सुपरस्टार धनुष की शादी को लेकर चर्चाएं तेज़ थीं। अफवाहों को तब और बल मिला, जब दोनों की एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें वे शादी के मंडप में बैठे नजर आ रहे थे। दावा किया गया कि दोनों ने चेन्नई में बेहद निजी समारोह में विवाह कर लिया है। हालांकि अब इस वायरल तस्वीर की सच्चाई सामने आ चुकी है।

फरवरी से शुरू हुई थीं शादी की चर्चाएं

दरअसल, फरवरी महीने में सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि मृणाल ठाकुर और धनुष 14 फरवरी को शादी करने वाले हैं। यह खबर तेजी से वायरल हुई, लेकिन उसी समय धनुष के करीबी सूत्रों ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, दोनों कलाकार अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं और शादी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

वायरल तस्वीर ने बढ़ाया भ्रम

इन्हीं अफवाहों के बीच एक तस्वीर सामने आई, जिसमें मृणाल मरून रंग की कांजीवरम साड़ी में और धनुष पारंपरिक दक्षिण भारतीय परिधान में दिखाई दिए। तस्वीर के साथ यह भी दावा किया गया कि इस कथित शादी में फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हुए थे। फोटो में दुलकर सलमान, श्रुति हासन और थलापति विजय जैसे कलाकारों के होने का भी दावा किया गया। देखते ही देखते यह तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो गई और कई फैंस इसे सच मान बैठे।

जांच में सामने आई हकीकत

जब वायरल तस्वीर की पड़ताल की गई, तो साफ हुआ कि यह फोटो असली नहीं है। जांच में पता चला कि यह तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाई गई है। इससे पहले भी कई मशहूर कलाकारों के नाम पर इस तरह की फर्जी तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं होता।

सूत्रों ने बताया अफवाह

शादी की खबरों पर मृणाल ठाकुर ने सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया, हालांकि सोशल मीडिया पर उनके एक पोस्ट को कुछ लोगों ने इन अफवाहों से जोड़कर देखा। वहीं Deccan Herald की रिपोर्ट के मुताबिक, धनुष के करीबी सूत्रों ने साफ कहा है कि यह पूरी तरह बेबुनियाद खबर है और लोगों को ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

पहले भी जुड़ चुका है नाम

गौरतलब है कि इससे पहले भी मृणाल ठाकुर और धनुष के रिश्ते को लेकर अटकलें लग चुकी हैं। उस वक्त मृणाल ने खुद स्पष्ट किया था कि धनुष उनके अच्छे दोस्त हैं और दोनों के बीच दोस्ती के अलावा कुछ भी नहीं है। वहीं धनुष अपनी निजी जिंदगी को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुके हैं और उन्होंने अपनी शादी खत्म होने की जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version