एंटरटेनमेंट
टीवी की ‘नागिन’ हुई प्रेग्नेंट, Surbhi Jyoti के घर कब गूंजेगी किलकारियां?
टीवी इंडस्ट्री से एक खुशखबरी सामने आई है। ‘कुबूल है’ फेम एक्ट्रेस सुरभि ज्योति ने शादी के करीब डेढ़ साल बाद अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा कर दी है। सुरभि ने अक्टूबर 2024 में अभिनेता सुमित सूरी के साथ शादी रचाई थी और अब दोनों जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। सुरभि ने यह खुशखबरी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए फैंस के साथ साझा की। उन्होंने एक बेहद प्यारी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनके और सुमित के पैर नजर आ रहे हैं और उनके बीच में नन्हे से सफेद बेबी शूज रखे हुए हैं। इस खास फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “हमारा सबसे बड़ा एडवेंचर शुरू हो रहा है।” साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनका बेबी जून में आने वाला है। कैप्शन में नजर न लगने वाला इमोजी और ‘ॐ’ का पवित्र चिन्ह भी शामिल किया गया, जिसने पोस्ट को और भी खास बना दिया।
सुरभि ज्योति ने सुनाई गुड न्यूज
सुरभि के इस ऐलान के बाद सेलेब्स और फैंस लगातार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। मौनी रॉय ने कमेंट किया, “ओह… हार्दिक बधाई प्यारे।” आरती सिंह ने लिखा, “बहुत खुश हूं बेबी, भगवान तुम दोनों को आशीर्वाद दे।” सुयश राय ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “बच्चों को बच्चा मुबारक।” वहीं किश्वर मर्चेंट ने लिखा, “OMG… आप लोगों को बधाई हो! इसलिए तू इतने दिन से इंस्टा से गायब थी।” नकुल मेहता, श्वेता तिवारी, आर्यमन सेठ, श्रीजिता डे और कृष्णा मुखर्जी समेत कई अन्य सितारों ने भी कपल को ढेरों शुभकामनाएं दीं।
2024 में हुई थी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरभि और सुमित की लव स्टोरी की शुरुआत उनके म्यूजिक वीडियो ‘हांजी – द मैरिज मंत्रा’ के सेट से हुई थी, जहां दोनों ने पति-पत्नी की भूमिका निभाई थी। यहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। मई 2024 में सुरभि ने सोशल मीडिया पर सुमित के साथ अपने रिश्ते को आधिकारिक किया था, जिसके बाद अक्टूबर में दोनों ने शादी कर ली।
इन शोज से बनाई पहचान
सुरभि ज्योति टेलीविजन इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं। उन्होंने ‘कुबूल है’, ‘नागिन’, ‘गुनाह’, ‘कोई लौट के आया है’ जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया है। खासकर ‘कुबूल है’ में जोया के किरदार से उन्हें जबरदस्त पहचान और दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब फैंस उनकी जिंदगी के इस नए अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित हैं।