एंटरटेनमेंट
Naga Chaitanya के साथ इवेंट में हुआ हादसा, कुर्सी पलटी और जमीन पर गिरे एक्टर; वीडियो देख लोगों को आई सामंथा की याद
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता नागा चैतन्य इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वृषकर्मा’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में इस फिल्म का एक प्रमोशनल इवेंट आयोजित किया गया, जहां प्रेस से बातचीत शुरू होने से पहले अभिनेता के साथ एक छोटा सा हादसा हो गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इवेंट के दौरान कुर्सी से गिर पड़े नागा चैतन्य
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रेस मीट शुरू होने से पहले नागा चैतन्य अपनी सीट की ओर आते हैं और कुर्सी पर बैठते हैं। जैसे ही वह बैठते हैं, कुर्सी अचानक पीछे की तरफ पलट जाती है और वह जमीन पर गिर जाते हैं। अभिनेता के गिरते ही वहां मौजूद कई लोग उनकी मदद के लिए दौड़ पड़े। हालांकि नागा चैतन्य ने बिना किसी की मदद के खुद को संभाला और तुरंत खड़े हो गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए इस घटना को हल्के में लिया और माहौल को सामान्य करने की कोशिश की। इसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में इस घटना को उनकी एक्स-वाइफ सामंथा रुथ प्रभु से जोड़ दिया। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, “सामंथा को छोड़ने का नतीजा है।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “सामंथा की आत्मा।” एक और यूजर ने मजाक में कहा, “सामंथा कोने में रो रही है।”
2021 में हुआ था नागा चैतन्य और सामंथा का तलाक
गौरतलब है कि नागा चैतन्य और सामंथा रुथ प्रभु ने कई सालों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2017 में शादी की थी। हालांकि शादी के चार साल बाद 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया था।
‘वृषकर्मा’ की पहली झलक हुई जारी
इसी इवेंट के दौरान नागा चैतन्य की फिल्म ‘वृषकर्मा’ की पहली झलक भी दिखाई गई। फिल्म का निर्देशन कार्तिक वर्मा दंडू कर रहे हैं। इसकी कहानी में पौराणिक तत्वों के साथ सुपरनैचुरल हॉरर और एक्शन का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्माण बीवीएसएन प्रसाद ने किया है, जबकि इसकी पटकथा मशहूर निर्देशक सुकुमार ने लिखी है। इस फिल्म में ब्रह्माजी, जरीना वहाब और जयराम जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।