एंटरटेनमेंट

OMG 3 से बाहर हुईं रानी मुखर्जी? अक्षय कुमार के साथ फिर हाथ से निकला स्क्रीन शेयर करने का चांस

Published

on

बीते कुछ दिनों से खबरें सामने आ रही थीं कि नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्ट्रेस रानी मुखर्जी बहुत जल्द अक्षय कुमार के साथ एक नई फिल्म में नजर आ सकती हैं। कहा जा रहा था कि दोनों फिल्म ‘ओह माय गॉड 3’ (OMG 3) में साथ दिखाई देंगे। खास बात यह थी कि अगर ऐसा होता तो पहली बार अक्षय और रानी की जोड़ी बड़े पर्दे पर देखने को मिलती। ऐसे में फैंस भी इस खबर को लेकर काफी उत्साहित थे। हालांकि अब इस प्रोजेक्ट को लेकर एक नई और थोड़ी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।

‘OMG 3’ में नहीं दिखेंगी रानी मुखर्जी

रिपोर्ट्स के मुताबिक रानी मुखर्जी अब फिल्म ‘OMG 3’ का हिस्सा नहीं हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, रानी इस फिल्म में लीड विलेन की भूमिका निभाने वाली थीं, जबकि अक्षय कुमार पहले की तरह फिल्म में कैमियो रोल में नजर आने वाले थे। बताया जा रहा है कि रानी को फिल्म की कहानी पसंद आई थी और इस पर आगे बातचीत भी होनी थी, लेकिन फिलहाल वह इस प्रोजेक्ट से जुड़ी नहीं हैं।

मेकर्स अब तलाश रहे हैं नया चेहरा

सूत्रों के मुताबिक, “अक्षय कुमार और रानी मुखर्जी के बीच लंबे समय से अच्छे रिश्ते हैं और दोनों साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित भी थे। लेकिन यह बातचीत शुरुआती स्तर पर ही थी।” अब जब रानी इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं, तो मेकर्स इस रोल के लिए किसी नए चेहरे की तलाश में जुट गए हैं। खबर है कि फिल्म की शूटिंग इसी साल मई या जून के आसपास शुरू हो सकती है।

‘मर्दानी 3’ में नजर आई थीं रानी

वर्कफ्रंट की बात करें तो रानी मुखर्जी को आखिरी बार फिल्म ‘मर्दानी 3’ में देखा गया था। यह फिल्म 30 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत धीमी रही और पहले दिन इसने करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया था, जबकि इसके निर्माता आदित्य चोपड़ा थे। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी का पहला भाग 2014 में और दूसरा भाग 2019 में रिलीज हुआ था।

फिल्म में ये कलाकार आए नजर

‘मर्दानी 3’ में रानी मुखर्जी के साथ जानकी बोदीवाला, जिशु सेनगुप्ता, मिखाइल यावलकर, इंद्रनील भट्टाचार्य और प्रजेश कश्यप जैसे कलाकार नजर आए थे। वहीं फिल्म में मल्लिका प्रसाद ने खलनायिका की भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version