एंटरटेनमेंट

‘नजरअंदाज नहीं किया जाएगा…’, 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी मामले में पलाश मुच्छल ने तोड़ी चुप्पी

Published

on

पलाश मुच्छल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। स्मृति मंधाना से शादी टूटने के बाद अब पलाश पर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। इन खबरों के सामने आने के बाद पलाश ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है और आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। पलाश मुच्छल ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत हैं और उनकी छवि खराब करने की नीयत से लगाए गए हैं।

पलाश ने सोशल मीडिया पर दी सफाई

पलाश ने लिखा, “सांगली निवासी विज्ञान माने द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों के संदर्भ में मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ये सभी दावे पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठे हैं। ये मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए हैं और इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। मेरे वकील, श्रेयांश मिथारे, सभी कानूनी रास्तों की तलाश कर रहे हैं, और इस मामले से उचित कानूनी चैनलों के माध्यम से सख्ती से निपटा जाएगा।”

विज्ञान ने लगाए संगीन आरोप

दरअसल, हाल ही में महाराष्ट्र के सांगली जिले के रहने वाले विज्ञान माने ने पुलिस से संपर्क कर आरोप लगाया था कि पलाश मुच्छल ने उनसे 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। विज्ञान पेशे से फिल्म फाइनेंसर हैं और वे भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि विज्ञान की मुलाकात पलाश से स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना ने कराई थी।

पलाश पर लगा आरोप

विज्ञान के अनुसार, 5 दिसंबर 2024 को उनकी पलाश से मुलाकात हुई थी, जहां फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि फिल्म बनाने के लिए विज्ञान ने पलाश को पैसे दिए और बदले में पलाश ने छह महीने के भीतर फिल्म बनाकर उसे बेचने और मुनाफे के साथ रकम लौटाने का वादा किया। लेकिन आठ महीने बीत जाने के बाद भी न तो फिल्म बिकी और न ही पैसे वापस मिले। विज्ञान का यह भी दावा है कि शुरुआत में फिल्म का बजट 55 लाख रुपये बताया गया था, लेकिन बाद में पलाश की मां ने बजट डेढ़ करोड़ रुपये बताया।

आरोप है कि काफी समय तक पैसे के लिए चक्कर काटने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। फिलहाल, एक तरफ जहां विज्ञान माने ने खुद को ठगा हुआ बताया है, वहीं दूसरी ओर पलाश मुच्छल इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर चुके हैं और कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कह रहे हैं। अब इस पूरे मामले में आगे क्या मोड़ आता है, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version