एंटरटेनमेंट
‘कछुआ छाप अगरबत्ती जैसा है…’, परेश रावल के बयान से फिर बढ़ी सनसनी; बोले डिजास्टर हो सकती है ‘हेरा फेरी 3’
‘हेरा फेरी 3’ की घोषणा करीब तीन साल पहले हो चुकी थी, लेकिन अब तक फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं हो पाई है। इसी वजह से फिल्म को लेकर लगातार तरह-तरह के विवाद और अटकलें सामने आती रही हैं। कभी परेश रावल के फिल्म छोड़ने की खबरें आईं, तो कभी अक्षय कुमार द्वारा 25 करोड़ रुपये का नोटिस भेजे जाने की चर्चाओं ने सुर्खियां बटोरीं। अब इन सभी विवादों पर खुद परेश रावल ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है।
‘हेरा फेरी 3’ को इंडस्ट्री की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में गिना जाता है। साल 2024 में परेश रावल ने खुद यह स्वीकार किया था कि उन्होंने फिल्म से किनारा कर लिया है। हालांकि बाद में उन्होंने यह भी साफ किया कि वह दोबारा फिल्म का हिस्सा बन चुके हैं। इसी बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अक्षय कुमार ने परेश रावल को 25 करोड़ रुपये का लीगल नोटिस भेजा है।
विवादों पर बोले परेश रावल
हाल ही में ‘लवारी शो’ में बातचीत के दौरान परेश रावल ने इन तमाम रिपोर्ट्स पर अपनी बात रखी। अक्षय कुमार के साथ विवाद की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “बीच में जो यह सब चला कि अक्षय कुमार ने मुझ पर 25 करोड़ रुपये का केस किया है, वो सब ठीक है यार। यह कछुआ छाप अगरबत्ती जैसा है।” परेश रावल ने साफ किया कि फिल्म में हो रही देरी की असली वजह अक्षय कुमार और मेकर्स के बीच कुछ तकनीकी मुद्दे हैं, न कि कोई पर्सनल विवाद।
अभी तक फिल्म साइन नहीं की
एक्टर ने यह भी बताया कि उन्होंने अब तक ‘हेरा फेरी 3’ साइन नहीं की है। उनके मुताबिक, जब अक्षय कुमार और फिल्म के मेकर्स के बीच सभी मसले सुलझ जाएंगे, तब वह फिल्म को साइन कर लेंगे।
‘बाबूराव के बिना फिल्म होगी डिजास्टर’
परेश रावल ने अपने किरदार बाबूराव को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि अगर मेकर्स बाबूराव के बिना ‘हेरा फेरी 3’ बनाने का सोचते हैं, तो यह फिल्म के लिए नुकसानदायक साबित होगा। परेश रावल बोले, “थोड़ी बेझिझक होकर कह रहा हूं कि अगर वे बाबू राव के बिना हेरा फेरी बनाने का आइडिया लेकर आगे बढ़ते हैं, तो यह एक डिजास्टर होगा।” अब देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स इन तमाम अड़चनों को कब तक सुलझाते हैं और फैंस को ‘हेरा फेरी 3’ की शूटिंग कब शुरू होती नजर आती है।