एंटरटेनमेंट
‘व्हाट्सएप फैक्ट्रियां कहानियां गढ़ने में…’, Spirit छोड़ने की अफवाहों पर प्रकाश राज ने तोड़ी चुप्पी; आखिर क्या है सच्चाई?
संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘स्पिरिट’ शुरुआत से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। पहले इस फिल्म में दीपिका पादुकोण के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन आपसी मतभेदों के चलते उन्होंने प्रोजेक्ट से दूरी बना ली। इसके बाद फिल्म में तृप्ति डिमरी की एंट्री हुई, जबकि प्रभास लीड रोल निभा रहे हैं। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आईं कि दीपिका के बाद अब प्रकाश राज भी फिल्म से अलग हो गए हैं। इन अफवाहों के तेज होने पर अब खुद प्रकाश राज ने सामने आकर सच्चाई बताई है।
सोशल मीडिया पर दी सफाई
प्रकाश राज ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने लिखा, “‘स्पिरिट’ को लेकर झूठी और टॉक्सिक खबरें फैलाने वालों को साफ बता दूं— मेरे सीन्स की शूटिंग अभी शुरू भी नहीं हुई है और व्हाट्सएप फैक्ट्रियां कहानियां गढ़ने में लगी हैं। थोड़ा समझदार बनिए और अपनी जिंदगी जिएं।”
क्रिएटिव मतभेद की खबरें निकलीं अफवाह
दरअसल, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि प्रकाश राज और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के बीच क्रिएटिव मतभेद हो गए हैं, जिसके चलते एक्टर ने फिल्म छोड़ दी है। हालांकि, अपने पोस्ट के जरिए प्रकाश राज ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया और साफ कर दिया कि वे अब भी फिल्म का हिस्सा हैं।
जनवरी में रिलीज हुआ था फिल्म का पोस्टर
गौरतलब है कि 1 जनवरी को ‘स्पिरिट’ का पहला पोस्टर रिलीज किया गया था, जिसमें प्रभास और तृप्ति डिमरी नजर आए थे। फिल्म में विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट को भूषण कुमार, संदीप रेड्डी वांगा और प्रणय रेड्डी वांगा मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। कुल मिलाकर, ‘स्पिरिट’ को लेकर चल रही कास्टिंग विवाद की चर्चाओं पर अब प्रकाश राज की सफाई के बाद विराम लग गया है, और फैंस को फिल्म से जुड़ी आगे की अपडेट्स का इंतजार है।