एंटरटेनमेंट
तिहाड़ जेल जाते ही चमकी Rajpal Yadav की किस्मत, बढ़ गई एक्टर की फीस
फेमस कॉमेडी एक्टर Rajpal Yadav इन दिनों 9 करोड़ रुपये के कर्ज मामले को लेकर तिहाड़ जेल में बंद हैं। आर्थिक तंगी के चलते कर्ज न चुका पाने पर उन्होंने हाल ही में कोर्ट में सरेंडर किया था। यह मामला करीब 16 साल पुराना बताया जा रहा है, जिसकी वजह उनकी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म Ata Pata Lapata रही। दरअसल, इस फिल्म को बनाने के लिए राजपाल यादव ने लगभग 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई। समय पर रकम वापस न कर पाने के कारण ब्याज और जुर्माने के साथ यह राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
इंडस्ट्री आई साथ
राजपाल यादव के मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम उनके समर्थन में आगे आए हैं। मशहूर निर्देशक Priyadarshan ने भी उनकी मदद के लिए खास कदम उठाया है। राजपाल ने प्रियदर्शन के साथ कई हिट फिल्मों में काम किया है और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। प्रियदर्शन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वह राजपाल को पिछले 20 से अधिक वर्षों से जानते हैं। उन्होंने पहली बार उन्हें Jungle में देखा था और उनकी कॉमिक टाइमिंग से काफी प्रभावित हुए थे। इसके बाद दोनों ने साथ में Malamaal Weekly सहित कई फिल्मों में काम किया।
बढ़ाई गई फीस
प्रियदर्शन की अपकमिंग फिल्म में भी राजपाल यादव अहम भूमिका निभा रहे हैं। पहले से तय फीस के बावजूद निर्देशक ने फिल्म के प्रोड्यूसर (जुबली फिल्म्स) से अनुरोध किया कि राजपाल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए उन्हें तय राशि से ज्यादा भुगतान किया जाए। प्रोड्यूसर ने उनकी बात मान ली है। खास बात यह है कि इस नई फिल्म में राजपाल एक विलेन की भूमिका में नजर आएंगे, जो उनके लिए एक अलग तरह का किरदार होगा।
कई सितारों ने बढ़ाया हाथ
सूत्रों के मुताबिक, Ajay Devgn और Salman Khan समेत कई बड़े सितारों और प्रोड्यूसर्स ने भी राजपाल यादव की मदद के लिए कदम बढ़ाए हैं। कुछ ने उन्हें नई फिल्मों और वेब सीरीज के ऑफर भी दिए हैं, ताकि वह दोबारा मजबूती से इंडस्ट्री में वापसी कर सकें। अब देखना होगा कि इंडस्ट्री का यह साथ राजपाल यादव को इस मुश्किल दौर से बाहर निकालने में कितना मददगार साबित होता है।