एंटरटेनमेंट

क्या Priyanka Chopra ने दिया Don 3 में एंट्री का हिंट? ‘कृष 4’ में भी दिख सकती हैं देसी गर्ल

Published

on

प्रियंका चोपड़ा भले ही हॉलीवुड में लगातार सफलता के झंडे गाड़ रही हों, लेकिन बॉलीवुड में उन्हें फिर से देखने के लिए फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब यह इंतजार खत्म होता नजर आ रहा है, क्योंकि देसी गर्ल करीब छह साल बाद एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में वापसी करने जा रही हैं। इसी बीच खबरें यह भी हैं कि प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड में एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो सकती हैं और अपनी दो सुपरहिट फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन सकती हैं। दिलचस्प बात यह है कि इसके संकेत खुद प्रियंका ने हाल ही में एक खास बातचीत के दौरान दिए हैं।

डॉन 3′ को लेकर फिर तेज हुई चर्चाएं

‘डॉन 3’ को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं। फिल्म के लिए पहले रणवीर सिंह का लुक सामने आया था और उनके अपोजिट कियारा आडवाणी का नाम भी फाइनल बताया गया था। हालांकि, इस प्रोजेक्ट को लेकर कई अड़चनें सामने आईं। पहले कियारा आडवाणी ने प्रेग्नेंसी के चलते फिल्म छोड़ दी और फिर हाल ही में खबर आई कि रणवीर सिंह भी ‘डॉन 3’ से बाहर हो गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा भी किया गया कि शाहरुख खान एक बार फिर फरहान अख्तर के साथ ‘डॉन’ फ्रेंचाइजी में वापसी कर सकते हैं। इसी बीच प्रियंका चोपड़ा की वापसी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गईं।

कृष 4′ और ‘डॉन 3’ पर प्रियंका का रिएक्शन

हाल ही में मीडिया से खास बातचीत में जब प्रियंका चोपड़ा से पूछा गया कि क्या वह ‘कृष 4’ और ‘डॉन 3’ में नजर आएंगी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि मैं उन दोनों फिल्मों के बारे में बात कर सकती हूं या नहीं।” प्रियंका का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने मजाकिया अंदाज में उन्हें टीज करते हुए कहा, “मतलब कुछ तो गड़बड़ है।” इसके बाद से ही फैंस प्रियंका के इस बयान को एक बड़ा हिंट मान रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह जल्द ही ‘डॉन 3’ और ‘कृष 4’ जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी में नजर आएंगी।

‘वाराणसी’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। यह फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एस. एस. राजामौली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।कुल मिलाकर, देसी गर्ल की बॉलीवुड वापसी को लेकर फैंस की उम्मीदें अब और भी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version