एंटरटेनमेंट

जेल में कैसे कट रहे हैं राजपाल यादव के दिन? कैदियों संग बर्ताव पर भी हुआ खुलासा

Published

on

सालों पुराने चेक बाउंस केस में बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इस समय तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी, सोमवार को होनी है, जहां यह तय होगा कि उन्हें जमानत मिलती है या नहीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में शुरुआती 24 घंटों तक राजपाल यादव काफी शांत और संयमित रहे। हालांकि अब वे साथी कैदियों के साथ घुल-मिल गए हैं।

जेल में क्या कर रहे हैं राजपाल यादव?

बताया जा रहा है कि वे कैदियों को अपने फिल्मी किस्से सुनाते हैं और उनके कहने पर अपनी फिल्मों के मजेदार सीन भी करके दिखाते हैं, जिससे माहौल हल्का हो जाता है। साथ ही, वे अपने केस और हालात के बारे में भी उनसे चर्चा करते हैं। जेल में उनका दैनिक रूटीन अन्य कैदियों जैसा ही है। सुबह बैरक से बाहर निकलना, नित्यक्रिया के बाद नाश्ता, और शाम 7 बजे डिनर।

नहीं मिला VIP ट्रीटमेंट

रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें किसी तरह की वीआईपी सुविधा नहीं दी गई है और उन्होंने ऐसी कोई मांग भी नहीं की है। वे रात करीब 10 बजे सो जाते हैं और सुबह 5-6 बजे उठ जाते हैं। यह मामला साल 2010 में उनकी फिल्म अता-पता लापता के लिए लिए गए कर्ज से जुड़ा है। इस फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने दिल्ली के कारोबारी गोपाल माधव अग्रवाल से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिसे वे समय पर चुका नहीं पाए। मामला अदालत तक पहुंचा और वर्षों तक चलता रहा।

16 फरवरी की होगी अगली सुनवाई

इस केस में वे 2018 में भी जेल जा चुके थे, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। समय के साथ ब्याज और पेनाल्टी जुड़ने से बकाया राशि बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। आखिरकार 5 फरवरी 2026 को उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। इसके अलावा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने 8 अगस्त 2024 को शाहजहांपुर स्थित उनके घर को सील कर दिया था। अब सबकी नजर 16 फरवरी की सुनवाई पर टिकी है, जहां उनके भविष्य पर बड़ा फैसला हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version