एंटरटेनमेंट
‘क्या करूं? पैसे नहीं… दोस्त नहीं…’, सरेंडर करने से पहले टूट गए राजपाल; भावुक कर देगा एक्टर का बयान
बॉलीवुड में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाने वाले अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों गंभीर कानूनी मुश्किलों में फंस गए हैं। चेक बाउंस मामले में कोर्ट के आदेश के बाद उन्होंने हाल ही में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। सरेंडर से पहले राजपाल यादव बेहद भावुक नजर आए और उन्होंने मीडिया के सामने अपनी परेशानी खुलकर बयां की।
सरेंडर से पहले टूटे राजपाल यादव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरेंडर से पहले राजपाल यादव काफी दुखी और टूटे हुए दिखाई दिए। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मैं क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं और मुझे कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा। यहां हम सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं होता। इस मुश्किल से मुझे खुद ही लड़ना होगा।” उनके इस बयान से साफ झलकता है कि वह मानसिक और आर्थिक दबाव से गुजर रहे हैं।
50 लाख का कर लिया था इंतजाम
बताया गया है कि 2 फरवरी को कोर्ट ने राजपाल यादव को सरेंडर करने का निर्देश दिया था। अभिनेता के वकील ने अदालत को जानकारी दी थी कि राजपाल यादव ने 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है और भुगतान के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था। हालांकि, जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने उनकी अर्जी खारिज कर दी, जिसके बाद अभिनेता ने बीते गुरुवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया।
क्या है चेक बाउंस मामला?
दरअसल, राजपाल यादव ने मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। कंपनी का आरोप है कि रकम चुकाने के लिए दिए गए कई चेक बाउंस हो गए। ये चेक फिल्म प्रोडक्शन के सिलसिले में दिए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद कंपनी ने अभिनेता के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया। निचली अदालत ने राजपाल यादव को दोषी करार देते हुए छह महीने की जेल की सजा सुनाई थी। बाद में हाई कोर्ट ने उनकी सजा पर अस्थायी रोक लगाई थी, लेकिन शर्त रखी थी कि वह कंपनी को बकाया रकम चुकाएंगे। इसके बावजूद कोर्ट में बार-बार किए गए वादों के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। अदालत ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि राजपाल यादव का रवैया गलत है और उन्होंने कोर्ट के भरोसे को तोड़ा है।