एंटरटेनमेंट
Bigg Boss ने राखी सावंत पर लिया एक्शन, स्वामी ओम की तरह बाउंसर्स ने घसीट-घसीटकर ड्रामा क्वीन को किया शो से बाहर!
बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन Rakhi Sawant इन दिनों Bigg Boss Marathi सीजन 6 को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। इस शो को Riteish Deshmukh होस्ट कर रहे हैं। राखी की एंट्री को टीआरपी बूस्टर माना जा रहा था और शुरुआती एपिसोड्स में उनका असर साफ दिखाई भी दिया। लेकिन अब शो का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है।
प्रोमो में क्या दिखा?
वायरल प्रोमो में बिग बॉस राखी सावंत पर काफी नाराज़ नजर आ रहे हैं। घर के सभी सदस्य लिविंग एरिया में बैठे दिखाई देते हैं, जहां बिग बॉस उनकी क्लास लगाते हैं। इसी दौरान राखी को अलग बैठाया जाता है और उन पर घर की मर्यादाएं तोड़ने के आरोप लगाए जाते हैं। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि राखी पर घर को गंदा रखने और नियमों की अनदेखी करने का आरोप है। क्लिप में उन्हें बेड पर कचरा फेंकते और हद से ज्यादा ड्रामा करते हुए दिखाया गया है। बिग बॉस का धैर्य टूटता नजर आता है और वे सख्त रुख अपनाते हैं।
कंफेशन रूम में फटकार
प्रोमो के मुताबिक, बिग बॉस राखी को कंफेशन रूम में बुलाते हैं और घर की हालत पर सवाल उठाते हैं। राखी माफी मांगती नजर आती हैं, लेकिन बिग बॉस का रुख नरम नहीं पड़ता। इसके बाद बाउंसर्स को अंदर बुलाकर उन्हें घर से बाहर निकालने का आदेश दिया जाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि टीम के सदस्य राखी को जबरन बाहर ले जाने की कोशिश करते हैं। राखी बार-बार पूछती हैं कि उन्होंने आखिर किया क्या है और शो से बाहर न निकालने की अपील करती हैं। दो बाउंसर्स उन्हें पकड़कर बाहर ले जाते दिखते हैं, जबकि वह रोते और चिल्लाते हुए नजर आती हैं।
स्क्रिप्टेड या असली ड्रामा?
इस प्रोमो के सामने आने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। कई यूजर्स का कहना है कि यह सब टीआरपी बढ़ाने के लिए रचा गया ड्रामा हो सकता है। कुछ लोग इसे मेकर्स और राखी की मिलीभगत भी बता रहे हैं। हालांकि, सच्चाई क्या है यह तो पूरा एपिसोड प्रसारित होने के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल ‘बिग बॉस मराठी 6’ का यह प्रोमो दर्शकों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।