एंटरटेनमेंट

जापान में जल्द होगा ‘एनिमल’ का आतंक, रणबीर कपूर की फिल्म कब होगी रिलीज?

Published

on

जापान में बॉलीवुड फिल्मों के प्रति दर्शकों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अब भारतीय फिल्म मेकर्स भी अपनी फिल्मों को जापानी सिनेमाघरों तक पहुंचाने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। हाल ही में जहां ‘पुष्पा: द राइज़’ जापान में रिलीज हुई, वहीं अब रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ भी जापानी दर्शकों के बीच दस्तक देने जा रही है। इसी मौके पर रणबीर कपूर ने अपने दादा राज कपूर और जापान के बीच खास रिश्ते पर खुलकर बात की।

जापान में कब रिलीज होगी ‘एनिमल’?

संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘एनिमल’ 13 फरवरी को जापान में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म का एक स्पेशल स्क्रीनिंग शो रखा गया, जहां रणबीर कपूर भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने जापानी दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि जापान से उनका रिश्ता सिर्फ एक्टर के तौर पर नहीं, बल्कि पारिवारिक और भावनात्मक भी है।

रणबीर के लिए जापान क्यों है खास?

रणबीर कपूर ने कहा, “जापान से मेरा बहुत खास रिश्ता है। मेरे दादा और महान अभिनेता राज कपूर का जापान और जापानी संस्कृति से गहरा जुड़ाव रहा है।” उन्होंने राज कपूर के मशहूर गीत ‘मेरा जूता है जापानी’ का ज़िक्र करते हुए बताया कि किस तरह उनके दादा की फिल्मों और संगीत को जापान में आज भी बेहद प्यार और सम्मान के साथ देखा जाता है। रणबीर ने कहा कि राज कपूर की फिल्में और उनकी सादगी भरी छवि जापानी दर्शकों के दिलों के बहुत करीब रही हैं।

‘एनिमल पार्क’ पर की चर्चा

अपने निजी अनुभव साझा करते हुए रणबीर कपूर ने जापान दोबारा जाने की इच्छा भी जाहिर की। अभिनेता ने कहा, “अब मेरी एक तीन साल की बेटी है और मैं उसे जापान दिखाने के लिए बेहद उत्साहित हूं।” उन्होंने यह भी बताया कि अगली बार वह जापान अपने पूरे परिवार के साथ जाना चाहेंगे और यह रिश्ता फिल्मों से कहीं आगे का है। इसी बीच रणबीर कपूर ने अपनी आने वाली फिल्म ‘एनिमल पार्क’ को लेकर भी चर्चा की। हाल ही में निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने ‘एनिमल’ के सीक्वल को लेकर खुलासा करते हुए बताया था कि फिल्म के दूसरे भाग का नाम ‘एनिमल पार्क’ होगा। वांगा के मुताबिक, मौजूदा फिल्म खत्म होते ही इसके अगले पार्ट की शूटिंग शुरू हो सकती है।

संदीप रेड्डी वांगा ने बताया, “इस बार कहानी और ज्यादा इंटेंस होगी। इसमें और भी ‘जानवर’ होंगे, क्योंकि अजीज भी एक जानवर है। अब कहानी दो ऐसे भाइयों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो हूबहू एक जैसे दिखते हैं। इसी वजह से मुझे ‘एनिमल पार्क’ एकदम सही टाइटल लगा।” उन्होंने यह भी कहा कि वह 2027 के मिड तक ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू करेंगे। फिलहाल संदीप रेड्डी वांगा अपनी अगली फिल्म ‘स्पिरिट’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें प्रभास और तृप्ति डिमरी नजर आएंगे। यह फिल्म भी साल 2027 में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version