एंटरटेनमेंट
रणवीर सिंह की एग्जिट से Don 3 पर लगा ताला? फरहान अख्तर ने बदली प्रायोरिटी
फरहान अख्तर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘डॉन 3’ इन दिनों उनके लिए बड़ी टेंशन बनती नजर आ रही है। फिल्म को लेकर पहले विक्रांत मैसी की एंट्री और एग्जिट की खबरें चर्चा में रहीं, फिर हीरोइन के तौर पर कृति सेनन का नाम सामने आया। इसी बीच कुछ दिन पहले रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने की अटकलों ने हलचल मचा दी। इन तमाम उलझनों के चलते फरहान अख्तर ने फिलहाल ‘डॉन 3’ को होल्ड पर डालने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब फरहान अपना पूरा ध्यान अपनी दूसरी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जी ले जरा’ पर लगाने जा रहे हैं, जिसका ऐलान उन्होंने साल 2021 में किया था। यह फिल्म फरहान के दिल के काफी करीब बताई जाती है।
‘डॉन 3’ की कास्टिंग बनी बड़ी चुनौती
एक एंटरटेनमेंट पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, ‘डॉन 3’ इस वक्त कास्टिंग के बेहद नाजुक दौर से गुजर रही है। फरहान और उनकी टीम इस बात पर मंथन कर रही है कि ‘डॉन’ के आइकॉनिक किरदार के लिए कौन सबसे फिट बैठेगा। यह प्रक्रिया समय लेने वाली है, इसलिए फिलहाल फरहान ने इस प्रोजेक्ट को साइड में रखकर ‘जी ले जरा’ पर काम शुरू करने का मन बनाया है।
‘जी ले जरा’ की स्क्रिप्ट तैयार
रिपोर्ट्स की मानें तो ‘जी ले जरा’ की स्क्रिप्ट पूरी तरह फाइनल हो चुकी है। फिल्म में देरी की एकमात्र वजह इसकी तीन लीड एक्ट्रेसेस की डेट्स बताई जा रही है। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो यह फिल्म इस साल के अंत तक फ्लोर पर जा सकती है। वहीं कुछ रिपोर्ट्स का कहना है कि डेट्स जल्दी मैच हुईं तो फिल्म साल के मिड तक भी शूटिंग शुरू कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, फरहान इन दिनों प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ से लगातार बातचीत कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि तीनों एक्ट्रेसेस की डेट्स जल्द ही अलाइन हो जाएंगी।
रणवीर सिंह की बदली प्राथमिकताएं
वहीं एक रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद रणवीर सिंह की प्राथमिकताएं बदल गई हैं। सूत्रों का कहना है कि रणवीर अब संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे निर्देशकों के साथ काम करने पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। वह फिलहाल लगातार गैंगस्टर टाइप की फिल्मों से दूरी बनाना चाहते हैं, खासकर तब जब ‘धुरंधर’ का दूसरा पार्ट भी आने वाला है। अब देखना दिलचस्प होगा कि फरहान अख्तर पहले किस प्रोजेक्ट को पटरी पर लाते हैं—‘डॉन 3’ या फिर लंबे समय से इंतजार कर रही ‘जी ले जरा’।