एंटरटेनमेंट
Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda क्या शादी के लिए हुए उदयपुर रवाना? एयरपोर्ट वीडियो से तेज हुई चर्चा
साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। बी-टाउन में चर्चा तेज है कि दोनों 26 फरवरी को उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी रचाने वाले हैं। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर उनका इन्विटेशन कार्ड भी वायरल हो रहा है, हालांकि अब तक कपल की ओर से किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए रश्मिका और विजय
इन अटकलों के बीच शनिवार, 21 फरवरी की सुबह दोनों को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। जैसे ही उनकी तस्वीरें सामने आईं, फैंस ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि शायद दोनों शादी की तैयारियों के लिए उदयपुर रवाना हो रहे हैं। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि वे किस शहर के लिए निकले थे। एयरपोर्ट पर दोनों अलग-अलग नजर आए और कैजुअल लुक में दिखे। विजय जहां ब्लैक शर्ट और पैंट में थे, वहीं रश्मिका ग्रे स्लीवलेस टी-शर्ट और ब्लैक लोअर में नजर आईं। रश्मिका के माथे पर छोटी-सी बिंदी ने लोगों का ध्यान खींचा। दोनों ने मास्क पहना हुआ था। गाड़ी से उतरते समय रश्मिका फोन में व्यस्त दिखीं, लेकिन पैपराजी को देखकर मुस्कुराते हुए अभिवादन भी किया।
झालरों से सजा दिखा विजय का घर
कुछ दिनों पहले एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें विजय का घर झालरों से सजा दिखाई दे रहा था। इसके बाद शादी की अफवाहों ने और जोर पकड़ लिया। वायरल इन्विटेशन कार्ड के मुताबिक शादी 26 फरवरी को और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन होने की बात कही जा रही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
शादी में होगी ‘नो फोन पॉलिसी’
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि शादी समारोह में ‘नो फोन पॉलिसी’ लागू की गई है, ताकि कोई भी तस्वीर या वीडियो बाहर न जाए। यहां तक कि समारोह को कवर करने वाली टीम से भी एनडीए साइन करवाए जाने की खबरें हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए विदेशी एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपे जाने की भी चर्चाएं हैं। फिलहाल, जब तक कपल या उनके परिवार की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक यह सब महज अटकलें ही मानी जा रही हैं।