एंटरटेनमेंट

Remo Dsouza से जुड़े रंगदारी मामले में अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला?

Published

on

बॉलीवुड के जाने-माने कोरियोग्राफर और डायरेक्टर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा से रंगदारी मांगने के सात साल पुराने मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने गुरुवार को पुजारी को 27 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई 2018 में दर्ज उस मामले से जुड़ी है, जिसमें रवि पुजारी पहले से जेल में होने के बावजूद आरोपी बना रहा। हालांकि, उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।

क्राइम ब्रांच ने की गिरफ्तारी

अब क्राइम ब्रांच ने रवि पुजारी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि ये पूरा मामला सत्येंद्र त्यागी के कहने पर हुआ है। त्यागी पहले ही गिरफ्तार हो चुका है। आरोप है कि साल 2016 से 2018 के बीच रवि पुजारी ने रेमो डिसूजा, उनकी पत्नी लिजेल और उनके मैनेजर को लगातार फोन कॉल्स के जरिए धमकाया। इन कॉल्स में फिल्म ‘अमर मस्ट डाई’ की रिलीज को लेकर प्रेशर डाला गया। आखिर में मामला सेटल करने के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी तक पहुंच गया। इन धमकियों ने रेमो डिसूजा और उनके परिवार को बहुत डर और तनाव में डाल दिया था।

क्या है पूरा मामला?

बता दें, साल 2018 में रेमो डिसूजा और सत्येंद्र त्यागी के बीच फिल्म ‘अमर मस्ट डाई’ को लेकर एक समझौता हुआ था। त्यागी का दावा था कि उसने इस प्रोजेक्ट में इन्वेस्ट किया है और उसे 5 करोड़ रुपये मिलने थे, जो उसे नहीं मिले। इसी रकम की वसूली के लिए उसने अंडरवर्ल्ड डॉन रवि पुजारी की मदद ली थी। रेमो डिसूजा ने इस पूरे मामले की शिकायत साल 2018 में अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई थी। अब इस गिरफ्तारी से एक बार फिर बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के पुराने कनेक्शन पर चर्चा गहरी हो गई है।

रवि पुजारी के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले

पुलिस का कहना है कि रवि पुजारी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में और बड़े खुलासे हो सकते हैं। मुंबई पुलिस ने इस गिरफ्तारी को फिल्म इंडस्ट्री की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। उम्मीद है कि इस कार्रवाई से न केवल कलाकारों में भरोसा बढ़ेगा, बल्कि भविष्य में किसी भी प्रकार की धमकी और रंगदारी पर सख्ती से रोक लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version