एंटरटेनमेंट
रिया चक्रवर्ती का 7 साल बाद खत्म हुआ इंतजार, ‘फैमिली बिजनेस’ के साथ होगा एक्टिंग की दुनिया में धमाकेदार कमबैक
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती की ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई थी, लेकिन अब एक्ट्रेस एक बार फिर एक्टिंग की दुनिया में दमदार वापसी करने के लिए तैयार हैं। मंगलवार शाम मुंबई में हुए ‘नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स’ इवेंट के दौरान इसका आधिकारिक ऐलान किया गया। रिया नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘फैमिली बिजनेस’ के ज़रिए कमबैक कर रही हैं, जिसमें अनिल कपूर और विजय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शो का टीजर भी शेयर किया है। टीजर के कैप्शन में लिखा, “नया खून पुराने पैसों से मिला। जब इतनी ताकत दांव पर हो, तो फैमिली और बिजनेस की लाइनें धुंधली पड़ जाती हैं। देखिए फैमिली बिजनेस, जल्द आ रही है, सिर्फ नेटफ्लिक्स पर।” इसके अलावा रिया ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर टीजर शेयर करते हुए लिखा, “7 साल बाद”, और इसके साथ हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी लगाया।
फैंस हुए एक्साइटेड
रिया चक्रवर्ती के इस कमबैक से उनके फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग लगातार कमेंट कर उनका समर्थन कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “देर आए, दुरुस्त आए।” वहीं दूसरे ने कहा, “रिया को स्क्रीन पर वापस देखकर बहुत खुशी हुई, वो इस कमबैक की पूरी हकदार हैं।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “इंतजार नहीं हो रहा।” जबकि एक फैन ने भावुक होते हुए कहा, “रिया की जर्नी हिम्मत की मिसाल है। उन्हें सिर्फ सम्मान ही नहीं, माफी भी मिलनी चाहिए।”
मुश्किल दौर के बाद नई शुरुआत
गौरतलब है कि 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती की जिंदगी में भूचाल आ गया था। सितंबर 2020 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने ड्रग्स से जुड़े चैट्स के मामले में उन्हें गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई, लेकिन लंबे समय तक उन पर ट्रैवल बैन लगा रहा।
साल 2025 में सीबीआई ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट में रिया को सभी आरोपों से क्लीन चिट दे दी, जिसके साथ ही इस पूरे मामले का आधिकारिक रूप से अंत हुआ। यह दौर रिया के लिए बेहद कठिन रहा, लेकिन तमाम आरोपों और आलोचनाओं के बावजूद अब वह एक बार फिर अपने करियर को नई दिशा देने के लिए तैयार हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘फैमिली बिजनेस’ के जरिए रिया चक्रवर्ती दर्शकों के दिलों में किस तरह अपनी जगह बनाती हैं।