स्पोर्ट्स

T20 वर्ल्ड कप के बीच रिंकू सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, क्रिकेटर की मैदान में जंग, पिता के निधन से घर में पसरा मातम

Published

on

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद्र सिंह का स्टेज-4 लिवर कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। टी20 वर्ल्ड कप के बीच आई इस खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया गया कि खानचंद्र सिंह पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल (ओमेगा-1) में भर्ती कराया गया था, जहां वे क्रिटिकल केयर यूनिट में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। अस्पताल के पीआरओ ने समाचार एजेंसी को जानकारी दी कि 27 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

चेन्नई से अलीगढ़ रवाना हुए रिंकू

पिता की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही रिंकू टीम कैंप से निकलकर चेन्नई से दिल्ली पहुंचे थे और परिवार के साथ समय बिताया था। बाद में वे जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए टीम से दोबारा जुड़े। हालांकि, पारिवारिक शोक के चलते उनके अगले मुकाबलों में खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला। हालांकि मैदान पर फील्डिंग करते हुए वे नजर आए थे।

वर्ल्ड कप में अब तक कैसा रहा प्रदर्शन?

इस टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह को बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरने का मौका मिला, जिसके कारण उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का अवसर नहीं मिला। अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ वे सिंगल डिजिट पर आउट हो गए। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने 4 गेंदों में नाबाद 11 रन की तेज पारी खेली। नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 गेंदों पर 6 रन बनाए, जबकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके। पांच पारियों में उन्होंने 29 गेंदों का सामना करते हुए कुल 24 रन बनाए हैं। व्यक्तिगत दुख और पेशेवर दबाव के बीच यह दौर रिंकू सिंह के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version