एंटरटेनमेंट

रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, बिश्नोई गैंग के लिए ये काम करता था आरोपी

Published

on

बॉलीवुड के मशहूर निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कई अहम खुलासे किए हैं। जांच में साफ हो गया है कि इस हमले का सीधा निशाना रोहित शेट्टी ही थे। साथ ही पुलिस ने आरोपी हथियार सप्लायर और कुख्यात बिश्नोई गैंग के बीच के कनेक्शन को भी उजागर किया है।

आरोपी बिश्नोई गिरोह के लिए कर रहा था काम

क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार आरोपी हथियार सप्लायर आसाराम फासले पिछले चार सालों से बिश्नोई गिरोह के लिए गैराज मैकेनिक के तौर पर काम कर रहा था। वह बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और रोहित शेट्टी फायरिंग केस के कथित मास्टरमाइंड शुभम लोनकर के संपर्क में आकर गैंग से जुड़ा था। पुलिस का दावा है कि शुभम लोनकर के निर्देश पर आसाराम फासले ने स्वप्निल सकट को हथियार मुहैया कराए थे, जिनका इस्तेमाल बाद में अज्ञात शूटर ने रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के दौरान किया।

वारदात के बदले मिली कितनी रकम?

मुंबई क्राइम ब्रांच ने आसाराम फासले को 5 फरवरी को गिरफ्तार किया था। पहले से गिरफ्तार चार आरोपियों में से आसाराम की सीधी पहचान स्वप्निल सकट से कराई गई थी, जो शुभम लोनकर के जरिए हुई। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आसाराम के गैंग से जुड़े होने की भनक उसके कुछ करीबी लोगों को थी। हालांकि, वे लोग कौन हैं और क्या उनका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई सीधा संबंध है, इस एंगल से जांच अभी जारी है। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल हुए हथियार आसाराम ने कहां से हासिल किए थे और इसके बदले उसे कितनी रकम दी गई थी।

कब हुई थी फायरिंग की घटना?

31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान कम से कम पांच राउंड फायर किए गए थे, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से जा टकराई थी। बाद में एक रिपोर्ट में स्क्रीनशॉट साझा कर दावा किया गया कि इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। यह स्क्रीनशॉट ‘शुभम लोंकर उर्फ़ आरजू बिश्नोई’ नाम के फेसबुक अकाउंट की पोस्ट का बताया गया है। पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी लेते हुए धमकी दी गई थी कि यह सिर्फ ट्रेलर है और अगर बात नहीं मानी गई तो अगली गोली घर के अंदर बेडरूम में, सीधे सीने पर मारी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version