एंटरटेनमेंट
रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, हथियार किया था सप्लाई!
बीते शनिवार रात निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने आरोपी आसाराम फासले उर्फ़ बाबू को गिरफ्तार किया है। अधिकारीयों के अनुसार, आरोपी ने रोहित शेट्टी के घर फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार सप्लाई किया था। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को आज मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट (किला कोर्ट) में पेश करेगी।
पहले भी हुई थी गिरफ्तारियाँ
इससे पहले इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनकी पुलिस हिरासत आज खत्म हो रही है। घटना की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फायरिंग में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का स्रोत पुणे में था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुणे का एक शख्स पहले से गिरफ्तार आरोपी आदित्य गायकवाड़ को स्कूटर 30,000 रुपये में बेच चुका था और इस सौदे में उसने गायकवाड़ से सादे कागज पर दस्तखत भी लिए थे। गायकवाड़ और समर्थ पोमाजी ने मिलकर स्कूटर को मुंबई के जुहू इलाके में पहले से तय जगह पर छोड़ा। पुलिस का आरोप है कि ये सभी आरोपी शुभम लोनकर के निर्देश पर काम कर रहे थे।
आरोप और फरार शूटर
पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्कूटर खरीदने और मुंबई लाने वाले आरोपियों को शूटर की पहचान का पता नहीं था। वहीं, शुभम लोनकर ने शूटर को तय जगह से स्कूटर लेने और फायरिंग करने के निर्देश सीधे दिए थे। सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क ने पहले भी कई छोटे ग्रुप्स का इस्तेमाल कर अपराध किए हैं। हालांकि, जिस व्यक्ति ने कथित तौर पर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग को अंजाम दिया था, वह अभी फरार है। पुलिस की जांच अब भी जारी है।