एंटरटेनमेंट
रोहित शेट्टी ही नहीं शुभम लोनकर ने 5 बड़ी हस्तियों को भी दी जानलेवा धमकी, बॉलीवुड पर मंडराया खतरे का साया
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, शुभम लोनकर ने बॉलीवुड की कम से कम पांच बड़ी हस्तियों को निशाना बनाया है और उनसे रंगदारी वसूलने के लिए धमकी भरे कॉल किए गए हैं। हालांकि, डर और सुरक्षा की वजह से इन सितारों ने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग इस नेटवर्क का हिस्सा है। पहले भी इसी पैटर्न में धमकियां दी जा चुकी थीं। धमकियों की भाषा, तरीका और पैटर्न लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क से मेल खाता है, जिसने पहले सलमान खान और उनके करीबी दोस्तों को निशाना बनाया था। यही वजह है कि पुलिस इस केस को गंभीरता से ले रही है।
धमकी भरे कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई बॉलीवुड सितारों को धमकी भरे कॉल आए हैं, लेकिन किसी ने आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई, जिससे जांच करना मुश्किल हो गया। इसके अलावा, पुलिस के हाथ शुभम लोनकर की सोशल मीडिया पोस्ट भी लगी है। पोस्ट में उसने खुले तौर पर रोहित शेट्टी को धमकी दी थी। लोनकर ने लिखा: “राम-राम, जय बजरंग बली। हमने रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज कर हमारे काम में दखल न देने को कहा था, लेकिन वह नहीं माने। ये तो सिर्फ ‘ट्रेलर’ था। अगर अब भी नहीं माने, तो अगली गोली घर के बाहर नहीं, सीधे उनके सीने में लगेगी। ये पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए चेतावनी है, वक्त रहते सुधर जाओ।”
पहले भी अंजाम दे चुका है घटना
रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया। इससे पहले भी बिश्नोई गैंग से जुड़े अपराधियों ने सलमान खान के करीबी बाबा सिद्दीकी को निशाना बनाया और कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग की थी। अब डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी की ये घटना सामने आई है।
शुभम लोनकर ही मास्टरमाइंड
मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है और इलाके की सभी CCTV फुटेज खंगाल रही है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का वांटेड गैंगस्टर शुभम लोनकर इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है और उसने घटना की जिम्मेदारी भी ली है। शुभम को गैंग का टेक्निकल और सोशल मीडिया हैंडलर माना जाता है। लॉरेंस बिश्नोई की प्रवृत्ति और अपराधी सोच से प्रभावित होकर शुभम ने खुद को पूरी तरह इस नेटवर्क में जोड़ लिया है और अब बॉलीवुड सेलेब्स को अपना निशाना बना रहा है।