एंटरटेनमेंट
Rohit Shetty Firing Case: राजस्थान से पकड़ा गया एक और आरोपी, 6 शूटर हुए गिरफ्तार
फिल्म निर्माता-निर्देशक Rohit Shetty के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 शूटरों को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी को राजस्थान से पकड़ा गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन सभी का वारदात से सीधा संबंध था। इनपुट के आधार पर की गई छापेमारी में छह आरोपियों को हिरासत में लेकर अब मुंबई लाया जा रहा है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस ने कथित शूटर को किया गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद Lawrence Bishnoi gang से जुड़े एक ग्रुप ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद से पुलिस लगातार इस मामले की तह तक जाने में जुटी थी। जांच के दौरान पहले भी पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्होंने साजिश और नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे किए थे। अब पुलिस ने उस कथित शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की थी। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आरोपी ने हथियारों के स्रोत की नहीं दी जानकारी
पुलिस के अनुसार, शुभम लोनकर के निर्देश पर आसाराम फासले ने स्वप्निल सकट को हथियार मुहैया कराए थे। बाद में सकट ने वही हथियार एक अज्ञात शूटर को सौंप दिए, जिसने फायरिंग को अंजाम दिया। अब उस शूटर की गिरफ्तारी के बाद साजिश की कड़ियां और स्पष्ट हो रही हैं। फासले ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पैसों के बदले हथियार सप्लाई करता था, हालांकि उसने यह दावा किया कि उसे हथियारों के स्रोत की जानकारी नहीं थी।
बिश्नोई गैंग का हिस्सा है आरोपी
इससे पहले पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी आसाराम को भी गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह पिछले चार वर्षों से बिश्नोई गैंग के लिए काम कर रहा था। आसाराम पुणे के मालवली इलाके का रहने वाला है और पिछले करीब दस साल से वारजे क्षेत्र के एक गैरेज में मैकेनिक के रूप में काम कर रहा था। जांच में सामने आया कि वह गैरेज की आड़ में हथियारों की सप्लाई करता था।
पुलिस गहराई से कर रही जांच
क्राइम ब्रांच की पड़ताल में यह भी सामने आया कि वह शुभम लोनकर से प्रभावित था। लोनकर को हाल ही में हुए चर्चित Baba Siddique हत्याकांड का मास्टरमाइंड बताया जाता है और वह बिश्नोई गैंग का करीबी सहयोगी माना जाता है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि साजिश के हर पहलू का खुलासा किया जा सके।