एंटरटेनमेंट
रोहित शेट्टी ने क्यों दी लीगल एक्शन लेने की धमकी? Golmaal 5 से जुड़ा है मामला
गोलमाल फ्रेंचाइजी की पांचवीं किस्त ‘गोलमाल 5’ शूटिंग शुरू होने से पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ गई है। हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यह फिल्म अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की क्लासिक कॉमेडी ‘दो और दो पांच’ से प्रेरित होगी। अब इन अटकलों पर खुद निर्देशक रोहित शेट्टी ने प्रतिक्रिया दी है। हालांकि फिल्म की शूटिंग मार्च 2026 से शुरू होने की उम्मीद है, लेकिन उससे पहले ही इसकी कहानी को लेकर सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कई तरह की खबरें सामने आने लगी थीं। इन दावों को लेकर अब रोहित शेट्टी पिक्चर्ज की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
प्रोडक्शन हाउस का आधिकारिक बयान
बयान में साफ शब्दों में कहा गया है, “सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर चल रही उन खबरों को लेकर हम सख्त स्पष्टीकरण देना चाहते हैं, जिनमें यह कहा जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’, फिल्म ‘दो और दो पांच’ से प्रेरित या उस पर आधारित है। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ये सभी दावे पूरी तरह गलत, भ्रामक और निराधार हैं।” साथ ही प्रोडक्शन हाउस ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की जानकारी प्रकाशित या साझा न की जाए।
गलत खबरों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
बयान में आगे चेतावनी भी दी गई है, “रोहित शेट्टी या ‘गोलमाल 5’ से जुड़ी किसी भी खबर, अपडेट या स्पष्टीकरण को प्रकाशित करने से पहले हमारी टीम या हमारे आधिकारिक पीआर पार्टनर यूनिवर्सल कम्युनिकेशंस से पुष्टि करना अनिवार्य है। ऐसा न करने की स्थिति में सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।” इसके साथ ही मीडिया से यह भी अनुरोध किया गया है कि जो गलत या भ्रामक खबरें पहले से प्रसारित हो चुकी हैं, उन्हें जल्द से जल्द हटाया या संशोधित किया जाए।
फैंस को ‘गोलमाल 5’ का बेसब्री से इंतजार
गौरतलब है कि ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’, ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’ और ‘गोलमाल अगेन’ को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला है। अब जब फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म पर काम शुरू होने जा रहा है, तो फैंस को रोहित शेट्टी की ओर से एक बार फिर धमाकेदार कॉमेडी की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘गोलमाल 5’ में इस बार दर्शकों को कौन-से नए ट्विस्ट और कॉमिक एलिमेंट्स देखने को मिलते हैं।