एंटरटेनमेंट

Salman Khan के जीजा को भी मिला धमकी भरा ईमेल, क्या बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं Aayush Sharma?

Published

on

बॉलीवुड इंडस्ट्री में सितारों को मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई थी। इसके बाद ‘धुरंधर’ अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सएप पर एक वॉइस नोट के जरिए धमकी दी गई, जिसमें उनसे 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इन घटनाओं के बीच अब एक और नाम जुड़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान के जीजा और अभिनेता आयुष शर्मा को भी एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इस मामले ने एक बार फिर इंडस्ट्री की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सलमान खान के जीजा को मिला धमकी भरा ईमेल

रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। हालांकि, आयुष शर्मा ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसके बावजूद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच इस बात की जांच कर रही है कि आयुष शर्मा को भेजा गया ईमेल असली धमकी है या फिर किसी की शरारत। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सलमान खान के घर पर गैंगस्टर्स करवा चुके फायरिंग

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में कई बॉलीवुड सितारों को धमकी भरे फोन कॉल और ईमेल मिल चुके हैं, जिनकी जिम्मेदारी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। यह गैंग लंबे समय से सलमान खान को निशाना बनाता रहा है। साल 2024 में सलमान खान के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग की थी, जिसकी जिम्मेदारी भी इसी गैंग ने ली थी।

28 साल पुरानी है बिश्नोई गैंग से भाईजान की दुश्मनी

सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद की जड़ें करीब 28 साल पुरानी बताई जाती हैं। यह मामला 1998 के काले हिरण शिकार केस से जुड़ा है। फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान सलमान पर काले हिरण का शिकार करने का आरोप लगा था। यह विवाद 2018 में और सुर्खियों में आया, जब लॉरेंस बिश्नोई ने खुलेआम सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। तब से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version