एंटरटेनमेंट

Border 2 की रिलीज के बाद सुबह 2 बजे फोन पर सलमान खान ने ऐसा क्या कहा? सुन बेड पर खड़े हुए वरुण धवन

Published

on

फिल्म ‘बॉर्डर 2’ इस साल की सफल और चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए। रिलीज से पहले जहां वरुण धवन को काफी ट्रोल किया गया था, वहीं फिल्म आने के बाद उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा।

ट्रोलिंग के दौर में वरुण को आया था सलमान का फोन

हाल ही में वरुण धवन ने खुलासा किया कि ट्रोलिंग के दौर में उन्हें सलमान खान का फोन आया था। मीडिया टुडे से बातचीत में उन्होंने बताया, “जब मुझे ट्रोल किया जा रहा था, तब सलमान भाई का कॉल आया। वो हंस रहे थे और उन्होंने बस इतना कहा कि अच्छी चीजें आने वाली हैं। उनका विश्वास और सलाह मेरे लिए बहुत मायने रखती है।”

सलमान ने वरुण को फोन पर क्या कहा था?

वरुण ने आगे बताया कि फिल्म रिलीज होने और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद सलमान ने उन्हें दोबारा फोन किया। “उन्होंने कहा कि वो मेरे और पूरी टीम के लिए खुश हैं। लेकिन जो बात उन्होंने सुबह 2 बजे कही, उसे सुनकर मैं बिस्तर पर खड़ा हो गया। उन्होंने कहा, ‘मुझे तुम पर गर्व है बेटा।’ ये मेरे लिए बहुत बड़ा पल था, क्योंकि वो आसानी से किसी की तारीफ नहीं करते। उनकी इस बात ने मेरा आत्मविश्वास बढ़ा दिया।”

‘बॉर्डर 2’ के गाने पर हुआ था विवाद

गौरतलब है कि जब ‘बॉर्डर 2’ का टीजर और गाना रिलीज हुआ था, तब वरुण की मुस्कान को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया। कई लोगों को शक था कि वह परम वीर चक्र विजेता कर्नल होशियार सिंह दहिया का किरदार निभा पाएंगे या नहीं। उस समय वरुण ने केवल इतना कहा था कि वह अपने काम के जरिए ही जवाब देंगे—और अब उनकी मेहनत रंग लाई।

कौन-सी है वरुण की अगली फिल्म?

23 जनवरी को रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ साल 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। पहले भाग से इस बार सिर्फ सनी देओल ही जुड़े रहे। वर्क फ्रंट की बात करें तो वरुण धवन जल्द ही ‘नो एंट्री 2’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आएंगे। ‘नो एंट्री 2’ में उनके साथ दिलजीत दोसांझ और अर्जुन कपूर होंगे, जबकि दूसरी फिल्म में वह मृणाल ठाकुर और मौनी रॉय के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version