एंटरटेनमेंट

‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग पर आया अपडेट, संदीप रेड्डी वांगा कब दिखाएंगे दो भाइयों की जंग?

Published

on

साल 2023 में रिलीज हुई रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘एनिमल’ बॉलीवुड की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार रही। बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करने वाली इस फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में इसके सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ की झलक दिखाई गई थी, जिसके बाद से ही दर्शक दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने ‘एनिमल पार्क’ को लेकर बड़ा अपडेट साझा किया है।

‘एनिमल पार्क’ को लेकर मिली जानकारी

इन दिनों संदीप रेड्डी वांगा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘स्पिरिट’ के पोस्ट-प्रोडक्शन में व्यस्त हैं। इसी बीच रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ जापान में रिलीज होने जा रही है। फिल्म 13 फरवरी को जापानी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिलीज से पहले संदीप वांगा और रणबीर कपूर जापान में आयोजित फिल्म की एक स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल हुए, जहां निर्देशक ने फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर अहम जानकारी दी।

कब शुरू होगी ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग?

संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि जैसे ही वह ‘स्पिरिट’ के काम से फ्री होंगे, वह ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू कर देंगे। निर्देशक ने कहा, “मेरी मौजूदा फिल्म की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन खत्म होते ही ‘एनिमल पार्क’ की शूटिंग शुरू हो जाएगी। इस फिल्म में कई ‘एनिमल’ होंगे। कहानी दो ऐसे भाइयों की जंग पर आधारित है, जो हूबहू एक जैसे दिखते हैं। इसी वजह से मुझे लगा कि ‘एनिमल पार्क’ इस फिल्म के लिए सबसे सही टाइटल है। फिलहाल हमारा प्लान है कि हम मिड 2027 में इसकी शूटिंग शुरू करें।”

पार्ट 2 के लिए एक्साइटेड हैं रणबीर कपूर

वहीं इस मौके पर रणबीर कपूर ने भी अपने उत्साह को जाहिर किया। अभिनेता ने कहा, “संदीप के साथ दोबारा सेट पर लौटने और इस किरदार को निभाने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं। यह एक जारी रहने वाली कहानी है। पहले पार्ट की शूटिंग के दौरान ही संदीप के दिमाग में पार्ट 2 की कहानी पूरी तरह साफ थी। एक अभिनेता के तौर पर यह मेरे लिए बहुत रोमांचक और प्रेरणादायक अनुभव है। हम दोनों लगातार संपर्क में रहते हैं और नए-नए आइडियाज पर चर्चा करते रहते हैं।” फिलहाल, ‘एनिमल पार्क’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट चरम पर है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर और संदीप रेड्डी वांगा की यह जोड़ी दूसरे पार्ट में दर्शकों के लिए क्या नया लेकर आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version