रिलिजन
2026 का दूसरा चंद्र ग्रहण कब लगेगा? जानें तारीख, समय और कहां दिखाई देगा स्टर्जन मून
साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च को लगा था, जिसे देश के कई हिस्सों में देखा गया। फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर लगे इस ग्रहण को आमतौर पर ब्लड मून (Blood Moon) भी कहा जाता है। वैज्ञानिक दृष्टि से यह एक सामान्य खगोलीय घटना है, लेकिन ज्योतिष के अनुसार इसका अलग महत्व माना जाता है। मान्यता है कि चंद्र ग्रहण के दौरान और उसके बाद कई राशियों पर इसका प्रभाव देखने को मिलता है। अब लोगों की नजरें साल के दूसरे और आखिरी चंद्र ग्रहण पर टिकी हुई हैं।
कब लगेगा 2026 का दूसरा चंद्र ग्रहण?
हिंदू पंचांग के अनुसार साल 2026 का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण 27 और 28 अगस्त की रात को लगेगा। यह एक आंशिक चंद्र ग्रहण होगा। इस दौरान पृथ्वी की छाया चंद्रमा के बड़े हिस्से को ढक लेगी। इस ग्रहण को स्टर्जन मून (Sturgeon Moon) के नाम से भी जाना जाता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय चंद्रमा का करीब 93 प्रतिशत हिस्सा पृथ्वी की छाया से ढक जाएगा, जिससे यह दृश्य काफी खास माना जा रहा है।
क्यों लगता है चंद्र ग्रह?
चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है। ऐसी स्थिति में पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है और सूर्य की रोशनी सीधे चंद्रमा तक नहीं पहुंच पाती। इसी वजह से कई बार चंद्रमा लाल रंग का दिखाई देता है, जिसे ब्लड मून कहा जाता है।
कितनी देर तक रहेगा ग्रहण?
इस बार का चंद्र ग्रहण पहले ग्रहण के मुकाबले ज्यादा लंबा रहेगा। इसकी कुल अवधि लगभग 5 घंटे 39 मिनट होगी।
ग्रहण की शुरुआत: 27 अगस्त, 01:23 UTC
ग्रहण का समापन: 28 अगस्त, 07:02 UTC
भारत में नहीं दिखेगा यह ग्रहण
साल 2026 का यह दूसरा चंद्र ग्रहण भारत में स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देगा। हालांकि दुनिया के कई हिस्सों में इसे देखा जा सकेगा। यह ग्रहण यूरोप, अमेरिका, अफ्रीका और पूर्वी प्रशांत महासागर के कुछ क्षेत्रों में नजर आएगा। चूंकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां सूतक काल की मान्यता भी लागू नहीं होगी।