एंटरटेनमेंट

शब्बीर आहलुवालिया और सृति झा की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल? नए शो को लेकर शुरू हुई चर्चा

Published

on

टीवी इंडस्ट्री की सबसे चहेती जोड़ियों में से एक शब्बीर आहलुवालिया और सृति झा एक बार फिर चर्चा में हैं। ‘कुमकुम भाग्य’ में अभि और प्रज्ञा के किरदारों के जरिए दोनों ने दर्शकों के दिलों पर सालों तक राज किया। उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री आज भी फैंस के बीच उतनी ही लोकप्रिय है और लोग अब भी इस जोड़ी को दोबारा साथ देखने की ख्वाहिश रखते हैं। इसी बीच शब्बीर आहलुवालिया और सृति झा के फैंस के लिए खुशखबरी सामने आ रही है।

फिर साथ दिख सकते हैं शब्बीर और सृति

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘कुमकुम भाग्य’ के बाद दोनों एक बार फिर नए टीवी शो में साथ नजर आ सकते हैं। बताया जा रहा है कि यह अपकमिंग शो कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा और इसे एलएसडी प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि शब्बीर आहलुवालिया इससे पहले भी इसी प्रोडक्शन हाउस के साथ ‘राधा मोहन’ में काम कर चुके हैं।

तेजी से हो रही शो की तैयारियां

खबरों के अनुसार, शब्बीर आहलुवालिया ने इस नए प्रोजेक्ट के लिए मॉक शूट भी पूरा कर लिया है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि शो को लेकर तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि शब्बीर और सृति के इस अपकमिंग शो में सीमित एपिसोड होंगे। फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

एक्टर्स ने नहीं किया कन्फर्म

अब तक न तो शब्बीर आहलुवालिया और न ही सृति झा ने इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया दी है। लेकिन अगर यह खबर सच साबित होती है, तो सालों बाद एक बार फिर अभि–प्रज्ञा की जोड़ी टीवी स्क्रीन पर धमाल मचाती नजर आ सकती है और टीआरपी की रेस में भी मजबूत दावेदारी पेश कर सकती है। फैंस का दोनों को दोबारा साथ देखने का सपना भी पूरा हो जाएगा।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शब्बीर आहलुवालिया को आखिरी बार सीरियल ‘उफ्फ ये लव है मुश्किल’ में देखा गया था, जिसमें वह आशी सिंह के साथ मुख्य भूमिका में नजर आए थे। हालांकि यह शो ज्यादा समय तक टीवी पर टिक नहीं पाया और बंद हो गया। वहीं सृति झा हाल ही में टीवी शो ‘कैसे मुझे तुम मिल गए’ में दिखाई दी थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version