एंटरटेनमेंट
शमिता शेट्टी कैसे मनाएंगी Valentine’s Day? डेटिंग रूमर्ड के बीच रिवील किया स्पेशल प्लान
अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने हाल ही में अपना जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें उनके परिवार और करीबी दोस्त शामिल नजर आए। हालांकि, इन तस्वीरों में एक खास शख्स की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया, जिसके बाद उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि शमिता किसी को डेट कर रही हैं।
हाल ही में उड़ी थीं डेटिंग रूमर्स
इन अफवाहों के बीच शमिता ने खुद सामने आकर स्थिति साफ की। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए स्पष्ट किया कि वह सिंगल हैं और अपनी जिंदगी में खुश हैं। उन्होंने लिखा, “सिंगल और शांत। सच्ची दोस्ती को गलत तरीके से समझने वाले रूढ़िवादी बनना बंद करो। ये सरासर बकवास है।” इस पोस्ट के जरिए उन्होंने यह साफ कर दिया कि जिनके साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है, वह सिर्फ उनके अच्छे दोस्त हैं।
वैलेंटाइन डे का प्लान किया रिवील
वहीं, वैलेंटाइन डे को लेकर भी शमिता ने अपने अंदाज में मजेदार बयान दिया है। गुरुवार को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फनी वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “तैयारी पूरी है।” वीडियो में वह हंसी-मजाक के अंदाज में कहती दिखाई देती हैं, “मेरा 14 फरवरी का प्लान बिल्कुल फिक्स है। किसी भी कपल को देखूंगी तो जोर-जोर से चिल्लाऊंगी—भाई, कल वाली अच्छी थी! फिर वो जाने और उसकी बंदी जाने।” उनका यह हल्का-फुल्का मजाक फैंस को काफी पसंद आ रहा है और वीडियो पर जमकर प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
दीपेश शर्मा संग जुड़ा था नाम
दरअसल, 2 फरवरी को शमिता ने अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया था। इस मौके पर उनकी बहन शिल्पा शेट्टी और जीजा राज कुंद्रा भी मौजूद रहे। परिवार और दोस्तों के साथ उन्होंने इस खास दिन को एंजॉय किया। बर्थडे पार्टी की तस्वीरों में टेक्नो आर्टिस्ट और बिजनेसमैन दीपेश शर्मा भी नजर आए, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
रियलिटी शोज में आ चुकी हैं नजर
गौरतलब है कि शमिता शेट्टी ने साल 2000 में फिल्म ‘मोहब्बतें’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद वह कई फिल्मों और रियलिटी शोज में नजर आ चुकी हैं। भले ही उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है, लेकिन शमिता अपने बेबाक अंदाज से हर बार अफवाहों का जवाब देना अच्छी तरह जानती हैं।