स्पोर्ट्स
Shikhar Dhawan ने शादी के चंद दिनों बाद ‘पास्ट’ को लेकर जारी किया स्टेटमेंट, जानें क्यों देनी पड़ी सफाई
भारतीय क्रिकेटर Shikhar Dhawan ने हाल ही में अपनी जिंदगी में नए सफर की शुरुआत की है। 21 फरवरी को उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ शादी रचाई। शादी की खुशियों के बीच सोशल मीडिया पर उनकी पूर्व पत्नी Aesha Dhawan से जुड़ा एक कथित बयान तेजी से वायरल होने लगा, जिसने विवाद खड़ा कर दिया।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा विवाद
एक वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि धवन की पूर्व पत्नी ने कहा था कि उनकी दोबारा कभी शादी नहीं होगी। इतना ही नहीं, पोस्ट में यह भी लिखा गया कि धवन ने दूसरी शादी कर उस बयान का करारा जवाब दिया है। इन दावों से आहत होकर धवन ने खुद सामने आकर सफाई देना जरूरी समझा।
धवन ने X पर दी प्रतिक्रिया
धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उनके निजी जीवन को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया। धवन ने कहा कि वे हमेशा मैदान के अंदर और बाहर पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने आगे लिखा कि वे सकारात्मकता में भरोसा करते हैं और अपने अतीत का सम्मान करते हैं। जीवन के नए अध्याय की शुरुआत पर उन्हें परिवार, दोस्तों, फैंस और मीडिया से जो प्यार मिला है, उसके लिए वे आभारी हैं। साथ ही उन्होंने अपील की कि उनके नाम के साथ क्लिकबेट या भ्रामक बयान साझा न किए जाएं और सभी को प्रेम व सकारात्मकता फैलानी चाहिए।
पहले हो चुका है तलाक
गौरतलब है कि शिखर धवन और आयशा धवन का तलाक अक्टूबर 2023 में हुआ था। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान धवन को सोफी शाइन के साथ देखा गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की मुलाकात UAE में हुई थी। मई 2025 में धवन ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। 12 जनवरी 2026 को सगाई के बाद आखिरकार 21 फरवरी को दोनों शादी के बंधन में बंध गए।