एंटरटेनमेंट
श्रुति हासन ने ब्रेकअप और एंजाइटी पर किया खुलासा, बताया एक्टिंग से क्यों लेना पड़ा था ब्रेक?
साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस व सिंगर श्रुति हासन किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वह सुपरस्टार कमल हासन और अभिनेत्री सारिका की बेटी हैं। हाल ही में श्रुति ने खुलकर बताया कि हासन परिवार से उन्हें हमेशा आगे बढ़ने और अपने फैसले खुद लेने की पूरी आजादी और सपोर्ट मिला। इसके साथ ही उन्होंने 2018 में एक्टिंग से ब्रेक लेने और लंबे समय तक एंजाइटी व डिप्रेशन से जूझने को लेकर भी ईमानदारी से बात की है।
परिवार से मिला पूरा सपोर्ट
श्रुति हासन ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं ऐसे घर में पली-बढ़ी हूं जहां मेरे पैरेंट्स कला की भाषा को बहुत अच्छी तरह समझते थे। दोनों कई तरह के काम करते थे और मुझे भी अपनी ज़रूरत और इच्छा के अनुसार अलग-अलग चीजें करने की आजादी मिली।” उन्होंने आगे बताया कि वह अपनी प्राथमिकताओं पर फोकस करती हैं, लेकिन साथ ही नए-नए क्षेत्रों में हाथ आजमाने से भी पीछे नहीं हटतीं।
2018 में एक्टिंग से क्यों लिया ब्रेक?
जब उनसे 2018 में एक्टिंग से दूरी बनाने के बारे में पूछा गया, तो श्रुति ने अपने पर्सनल लाइफ के मुश्किल दौर की ओर इशारा किया। उस वक्त उनका नाम थिएटर एक्टर माइकल कोर्सेल के साथ जुड़ा था, लेकिन दोनों का जल्द ही ब्रेकअप हो गया। श्रुति के मुताबिक, उस सेपरेशन ने उन्हें नुकसान से ज्यादा सीख दी। उन्होंने कहा, “सबसे बुरी बात ये थी कि मुझे छोड़ दिया गया, लेकिन उसके अलावा उस अनुभव से मुझे बहुत कुछ मिला।”
मेंटल हेल्थ पर किया फोकस
श्रुति ने बताया कि यह समय खुद को समझने और खुद का आंकलन करने का था। उन्होंने कहा कि वह कई सालों तक डिप्रेशन से जूझती रहीं, जिसकी वजह से रोजमर्रा की जिंदगी भी मुश्किल हो जाती थी। उन्होंने कहा- “मुझे नहीं पता था कि मैं क्या ढूंढ रही हूं और मैं कौन हूं”।
लंदन में खुद को दोबारा खोजने का सफर
श्रुति ने लंदन में बिताए समय को अपने जीवन का अहम दौर बताया। उन्होंने कहा कि अकेले रहकर म्यूजिक के जरिए खुद को दोबारा तलाशना उनके लिए बेहद खास अनुभव था। “अपने कपड़े खुद धोना, खाना बनाना, मेट्रो से म्यूजियम जाना, फिर घंटों बैठकर लिखने की प्रैक्टिस करना और बिना किसी उम्मीद के नए श्रोताओं के सामने अपना म्यूजिक पेश करना—मैं उस अनुभव को किसी भी चीज़ से नहीं बदलूंगी,” श्रुति ने कहा।
एक और रिश्ता भी टूटा
माइकल कोर्सेल के बाद श्रुति ने पेंटर शांतनु हजारिका को कई साल तक डेट किया, लेकिन 2024 में दोनों का भी ब्रेकअप हो गया। इसके बावजूद श्रुति आज भी अपने आत्म-सफर और मेंटल हेल्थ को सबसे ज्यादा अहमियत देती नजर आती हैं।