एंटरटेनमेंट
अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग को कहा अलविदा, पोस्ट देख टूटे फैंस के दिल
‘अच्छा चलता हूं दुआओं में याद रखना’, ‘फिर मोहब्बत’ और ‘खैरियत’ जैसे आइकॉनिक गानों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। अरिजीत की सुरीली आवाज अब फिल्मों के प्लेबैक गानों में सुनाई नहीं देगी। अरिजीत सिंह ने अपने इस बड़े फैसले की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। पोस्ट में उन्होंने लिखा, “हैलो, आप सभी को नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। इतने सालों तक मेरे गाने सुनकर मुझे इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा।”
बॉलीवुड फिल्मों में नहीं सुनेगी अरिजीत सिंह की आवाज
उन्होंने आगे लिखा, “मैं इस पेशे को अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।” अरिजीत की यह पोस्ट सामने आते ही मिनटों में वायरल हो गई। कमेंट सेक्शन में म्यूजिशियंस और फैंस की भावुक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। अमाल मलिक, जो बिग बॉस सीजन 19 का भी हिस्सा रह चुके हैं, ने लिखा, “यह सुनकर मैं बहुत शॉक्ड हूं। यह फैसला मेरी समझ से बाहर है, लेकिन मैं आपके फैसले का सम्मान करता हूं। मैं हमेशा एक अरिजीत फैन था, हूं और रहूंगा।”
सेलेब्स ने रिटायरमेंट पर दिया रिएक्शन
अमाल ने आगे कहा, “अगर यही सच्चाई है, तो तुम्हारे बिना फिल्म संगीत कभी पहले जैसा नहीं रहेगा, मेरे भाई। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि तुम्हारे युग में पैदा हुआ।” वहीं म्यूजिशियन यशराज मुखाटे ने कमेंट किया, “मुझे लगता है अब हमें कुछ बेहतरीन इंडी म्यूजिक सुनने को मिलेगा!” यशराज के इस कमेंट से कयास लगाए जा रहे हैं कि अरिजीत भले ही प्लेबैक सिंगिंग छोड़ दें, लेकिन म्यूजिक प्रोडक्शन, इंडी म्यूजिक और लाइव कॉन्सर्ट्स में वह सक्रिय रह सकते हैं।
फैंस के टूटे दिल
फैंस भी इस खबर से हैरान नजर आए। किसी ने लिखा—“सच बताओ, किसी और ने तुम्हारे फोन से पोस्ट कर दी है ना?” तो किसी ने कहा—“कभी नहीं सोचा था कि ‘अच्छा चलता हूं’ वाला गाना अरिजीत पर भी फिट बैठेगा।” एक फैन ने लिखा—“आज तो 1 अप्रैल भी नहीं है!” गौरतलब है कि अरिजीत सिंह को पहली बार पहचान रियलिटी शो फेम गुरुकुल से मिली थी, जहां वह छठे स्थान पर रहे थे। उनका पहला फिल्मी गाना 2011 में रिलीज हुई फिल्म मर्डर 2 का ‘फिर मोहब्बत’ था, जिसे उन्होंने 2009 में ही रिकॉर्ड कर लिया था।
इन गानों से बनाई पहचान
अरिजीत के सुपरहिट और यादगार गानों में ‘तुम ही हो’, ‘चाहूं मैं या ना’, ‘तुझे कितना चाहने लगे हम’, ‘केसरिया’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘फिर ले आया दिल’, ‘हवाएं’ और ‘खैरियत’ जैसे कई नाम शामिल हैं। फिलहाल अरिजीत सिंह के इस फैसले ने म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है, और हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि शायद यह अलविदा पूरी तरह से न हो।