एंटरटेनमेंट

गाजियाबाद में 3 बहनों की मौत पर क्या बोले सोनू सूद? सोशल मीडिया पर दी खास सलाह

Published

on

गाजियाबाद में तीन बहनों की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना से हर कोई स्तब्ध है और समाज में डिजिटल लत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब इस मामले पर बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने भी प्रतिक्रिया दी है और गहरा दुख जताते हुए देशवासियों से खास अपील की है।

सोनू सूद ने शेयर किया पोस्ट

सोनू सूद ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना का ज़िक्र करते हुए लिखा कि गाजियाबाद में तीन युवतियों की जान चली गई, लेकिन यह मौत न तो हिंसा की वजह से हुई और न ही गरीबी के कारण। अभिनेता के मुताबिक, इन जिंदगियों को ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल एडिक्शन के अनदेखे दबाव ने निगल लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह पहले भी इस मुद्दे पर आवाज उठा चुके हैं और एक बार फिर दोहराना चाहते हैं कि शिक्षा को छोड़कर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

सोनू सूद ने की खास अपील

इतना ही नहीं, सोनू सूद ने इस मुद्दे पर एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने की ज़रूरत पर जोर दिया। वीडियो में अभिनेता कहते नजर आए, “बचपन को मार्गदर्शन की जरूरत है, एल्गोरिदम की नहीं। यह किसी पर दोष लगाने की बात नहीं है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा का सवाल है।” उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अभी ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं। सोनू सूद ने लोगों से अपील की कि इस घटना को एक और भूल जाने वाली खबर न बनने दें, बल्कि अब समय आ गया है कि इस पर गंभीर कार्रवाई की जाए।

ऑनलाइन गेमिंग को लेकर जाहिर की चिंता

गौरतलब है कि सोनू सूद इससे पहले भी ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल लत को लेकर अपनी चिंता जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कई बार जनता और सरकार से इस मुद्दे पर ध्यान देने और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल, गाजियाबाद की इस घटना ने पूरे देश में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के असर और बच्चों की मानसिक सेहत को लेकर नई बहस छेड़ दी है, जिसमें सोनू सूद की यह अपील लोगों का ध्यान खींच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version