एंटरटेनमेंट
राजपाल यादव केस में सुनवाई से पहले आया सोनू सूद का इमोशनल ट्वीट, बोले- ‘आज हमारे भाई के लिए…’
चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav की जमानत याचिका पर आज दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट उनके वकील की दलीलों से संतुष्ट नहीं हुआ था, जिसके बाद मामले को अगली तारीख तक स्थगित कर दिया गया था। अब आज की सुनवाई से पहले इंडस्ट्री से उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है।
सोनू सूद ने राजपाल यादव के लिए मांगी दुआ
सुनवाई से ठीक पहले अभिनेता Sonu Sood ने राजपाल यादव के समर्थन में एक भावुक पोस्ट साझा किया है। सोनू ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “आज हमारे भाई राजपाल यादव के लिए एक अहम दिन है। हम प्रार्थना करते हैं कि सब कुछ सही दिशा में आगे बढ़े और उन्हें वह राहत मिले, जिसके वे हकदार हैं। वे एक विलक्षण प्रतिभा और नेक दिल इंसान हैं। हमें इस कोशिश को व्यर्थ नहीं जाने देना चाहिए। हम उनके साथ खड़े हैं और तब तक प्रयास जारी रखेंगे, जब तक सब कुछ ठीक नहीं हो जाता।”
राजपाल यादव के साथ खड़ी है इंडस्ट्री
राजपाल यादव के जेल जाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे उनके समर्थन में सामने आए हैं। सोनू सूद सबसे पहले खुलकर उनके साथ खड़े हुए थे। उन्होंने न सिर्फ राजपाल को अपनी एक फिल्म में काम देने की पेशकश की, बल्कि इंडस्ट्री से भी उनकी आर्थिक मदद करने की अपील की थी। इसके बाद कई कलाकारों ने सहायता के लिए हाथ बढ़ाया। इनमें Salman Khan, Ajay Devgn, Varun Dhawan, Gurmeet Choudhary, Kamaal R Khan और Anup Jalota जैसे नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
5 फरवरी को किया था सरेंडर
मामला साल 2010 का है, जब राजपाल यादव ने एक कंपनी से फिल्म निर्माण के लिए करीब पांच करोड़ रुपये लिए थे। ब्याज और अन्य देनदारियों के साथ यह राशि बढ़कर लगभग नौ करोड़ रुपये हो गई। कई बार मोहलत दिए जाने के बावजूद वह रकम नहीं चुका सके, और उनके द्वारा जारी किए गए चेक भी बाउंस हो गए। इसके बाद अदालत के आदेश पर उन्होंने 5 फरवरी को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था।
पिछली सुनवाई में नहीं मिली थी बेल
पिछली सुनवाई में उनके वकील ने परिवार में होने वाले कार्यक्रमों का हवाला देते हुए जमानत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इस आधार को पर्याप्त नहीं माना और मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी के लिए तय की थी। अब आज एक बार फिर अदालत में इस मामले पर सुनवाई होगी, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।