एंटरटेनमेंट

‘वो अकेले नहीं…’, मुश्किल वक्त में राजपाल यादव का सहारा बने सोनू सूद; पोस्ट शेयर कर इंडस्ट्री को दिया मैसेज

Published

on

राजपाल यादव के तिहाड़ जेल में सरेंडर करने के बाद बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद उनके समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। सोनू सूद ने राजपाल यादव को एक गिफ्टेड और बेहतरीन कलाकार बताते हुए न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया, बल्कि यह भी ऐलान किया कि वह अपनी आने वाली फिल्म में राजपाल यादव को कास्ट करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि फिल्म के लिए उन्हें तुरंत साइनिंग अमाउंट दिया जाएगा।

सोनू सूद ने इंडस्ट्री से की अपील

इतना ही नहीं, सोनू सूद ने फिल्म इंडस्ट्री के अन्य निर्माताओं और साथियों से भी अपील की है कि वे इस कठिन समय में राजपाल यादव के साथ खड़े हों। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राजपाल यादव एक टैलेंटेड अभिनेता हैं, जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को वर्षों तक यादगार काम दिया है। कई बार ज़िंदगी प्रतिभा की वजह से नहीं, बल्कि हालात की वजह से कठिन हो जाती है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मुझे लगता है कि यह हम सभी—निर्माताओं, निर्देशकों और सहकर्मियों—के लिए एकजुट होकर साथ खड़े होने का समय है।”

सोनू सूद ने लिखा ट्वीट

सोनू सूद ने आगे लिखा, “भविष्य के काम के बदले दी जाने वाली एक छोटी-सी साइनिंग फीस कोई दान नहीं है, बल्कि यह उनके सम्मान और गरिमा की बात है। जब हमारा कोई अपना मुश्किल दौर से गुजर रहा हो, तो इंडस्ट्री को यह जताना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इसी तरह हम साबित करते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, बल्कि एक परिवार हैं।”

सरेंडर से पहले राजपाल यादव हुए भावुक

गौरतलब है कि साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई और आर्थिक तंगी के चलते कंपनी को दिया गया चेक बाउंस हो गया। इसके बाद मामला अदालत पहुंचा। कोर्ट ने राजपाल यादव को कई बार राहत दी और भुगतान के लिए समय भी दिया, लेकिन वह बकाया रकम नहीं चुका सके। आखिरकार अदालत ने बिना किसी और देरी के उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया। सरेंडर से पहले राजपाल यादव भावुक हो गए और उन्होंने कहा, “मुझे कोई उपाय नजर नहीं आ रहा है। न पैसे हैं और न कोई दोस्त। इस मुश्किल से मुझे अकेले ही निपटना होगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version