स्पोर्ट्स
T20 World Cup 2026: श्रीलंका को बड़ा झटका, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुआ ये स्टार ऑलराउंडर
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सह-मेजबान श्रीलंका ने जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अब टीम को बड़ा झटका लगा है। श्रीलंकाई टीम के स्टार ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
क्या है हसरंगा की चोट?
28 वर्षीय वानिंदु हसरंगा ने कोलंबो में खेले गए श्रीलंका के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया था। आयरलैंड के खिलाफ खेले गए इस मैच में उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, मैच के दौरान वह दर्द में नजर आए और उन्हें बाईं हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते देखा गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को कराए गए MRI स्कैन में हसरंगा की बाईं हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया। हसरंगा का टूर्नामेंट से बाहर होना श्रीलंका के लिए किसी बड़े नुकसान से कम नहीं है। हसरंगा श्रीलंका के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक खेले गए 94 टी20I मैचों में 154 विकेट झटके हैं और वह टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर्स में गिने जाते हैं।
कौन ले सकता है हसरंगा की जगह?
रिपोर्ट्स के अनुसार, हसरंगा की जगह लेग-स्पिन ऑलराउंडर दुशान हेमंथा को श्रीलंकाई टीम में शामिल किया जा सकता है। 31 वर्षीय हेमंथा अब तक श्रीलंका के लिए 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 4 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी20I मुकाबला सितंबर 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था।
श्रीलंका की संभावित टीम
दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिंदु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चरिथ असलंका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, दुनिथ वेललागे, दुशान हेमंथा, महीश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना और प्रमोद मदुशन। श्रीलंका अब अपना अगला मुकाबला गुरुवार, 12 फरवरी को ओमान के खिलाफ खेलेगा, जहां हसरंगा की गैरमौजूदगी में टीम के संतुलन पर सबकी नजरें रहेंगी।