एंटरटेनमेंट

श्रीदेवी की प्रॉपर्टी पर बड़ा विवाद, बोनी कपूर दोनों बेटियों संग पहुंचे HC

Published

on

दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माता बोनी कपूर और उनकी बेटियां जाह्नवी कपूर व खुशी कपूर ने इस संपत्ति की सुरक्षा के लिए मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपूर परिवार ने चेंगलपट्टू के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें संपत्ति से जुड़ी याचिका को खारिज करने से इनकार किया गया था। मामले की सुनवाई जस्टिस टीवी थमिलसेल्वी के समक्ष हुई, जिन्होंने 26 मार्च 2026 को अगली सुनवाई तय की है। तब तक जिला अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी गई है।

जमीन पर तीसरे पक्ष का दावा

चंद्रबानू नाम की एक महिला और उनके दो बच्चों—एम.सी. शिवकामी और एम.सी. नटराजन—ने इस संपत्ति में हिस्सेदारी का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जिन दस्तावेजों के जरिए श्रीदेवी और उनकी बहन ने 4.7 एकड़ जमीन खरीदी थी, वे फर्जी हैं और यह जमीन उनके दादा की थी।

बोनी कपूर ने दावों को बताया गलत

बोनी कपूर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह दावा कानूनी रूप से मान्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि याचिका 37 साल बाद दायर की गई है, जो समयसीमा के लिहाज से भी सवाल खड़े करती है। साथ ही उन्होंने चंद्रबानू के विवाह को भी अमान्य बताया है और कथित धोखाधड़ी के प्रयास का आरोप लगाया है।

परिवार की पृष्ठभूमि

बोनी कपूर ने जून 1996 में श्रीदेवी से शादी की थी। उनकी दो बेटियां—जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर—आज बॉलीवुड में सक्रिय हैं। श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को दुबई में हुआ था। अब इस हाई-प्रोफाइल संपत्ति विवाद पर सबकी नजर 26 मार्च की सुनवाई पर टिकी है, जहां आगे की कानूनी दिशा तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

Exit mobile version